Odisha News : एनएच 520 नहीं है आम लोगों के लिए सेफ, यहां बंदूक दिखाकर लूट लिए जाते पैसे
Odisha News झारखंड से सटे ओडिशा के क्योंझर जिला में लूटपाट की घटना से लोग डरे हैं। पुलिस बदमाशों को पकड़ नहीं पा रही है। इससे लोगों में गुस्सा भी है। बदमाश एनएच 520 नारदपुर में लूटपाट की घटना को अंजाम दे रहे हैं।
संवाद सूत्र, बड़बिल(ओडिशा) : झारखंड से सटे ओडिशा के क्योंझर जिला में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे लोग दहशत में हैं। वहीं, पुलिस लुटेरे गिरोह को पकड़ने में फिलहाल असफल साबित हो रही है। ताजा मामला चंपुआ थाना क्षेत्र का है। थाना क्षेत्र में पांच अज्ञात लोग बंदूक दिखा कर एक विदेशी शराब की दुकान से 1.56 लाख रुपये लूटकर फरार होने में सफल रहे। लोगों ने पुलिस से लूटपाट कम करने की मांग की।
पांच लोगों ने लूटी शराब दुकान
घटना चंपुआ थाना अंतर्गत एनएच 520 नारदपुर में स्थित एक विदेशी शराब की दुकान पर घटी है। शुक्रवार रात दस बजे दो बाइक में सवार होकर पांच लोग शराब की दुकान पर पहुंचे। इस दौरान दुकान में दो कर्मचारी तैनात थे। लुटेरों ने दोनों को बंदूक दिखाकर धमकाया। इसके बाद दुकान में रखे नकद 1 लाख 56 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन लूट लिए।
बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा
घटना को अंजाम देने के बाद दूकान में लगी सीसीटीवी कैमरे के तार को उखाड़ फेंका। घटना की सूचना मिलते ही चंपुआ पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। मामले में चंपुआ थाना में पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए चंपुआ क्षेत्र में जांच अभियान चलाने के साथ-साथ संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी की है मगर कोई सुराग नहीं लगा है।