नाबालिग को अकेली जान दुष्कर्म का प्रयास, शोर मचाने पर भाग निकला आरोपित Jamshedpur News
पुलिस ने दर्ज की एफआइआर आरोपित की तलाश में दबिश नाबालिग के शोर मचाने पर मां ने बचाया पड़ोसी है आरोपित।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। बिरसानगर थाना क्षेत्र में पड़ोसी ने एक घर में घुस कर नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना शाम को तब घटी जब नाबालिग बाथरूम में थी। पड़ोसी युवक उसे अकेला जान घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। आरोपित भी नाबालिग बताया जा रहा है। शोरगुल सुन कर मां दौड़ कर घर में घुसी तो युवक ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद घर में तोड़फोड़ कर भाग निकला। पुलिस ने मां की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली है।
पुलिस ने आरोपित युवक को पकड़ने के लिए उसके घर छापामारी की लेकिन तबतक युवक फरार हो चुका था। पुलिस का कहना है कि आरोपित भी नाबालिग है। घटना के बारे में पीड़िता की मां ने बताया कि शनिवार को घर में कोई नहीं था। नाबालिग के पिता काम पर गए थे। मां भी किसी काम से बाहर चली गई। घर में उसकी बेटी अकेली थी। तभी आरोपित घर में घुस गया और बाथरूम में जाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बेटी खुद को बचाने की कोशिश करते हुए चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर वह दौड़ कर घर में पहुंची और किशोर को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन, उसने उसके साथ भी मारपीट की। साथ ही जो भी सामान सामने पड़ा उसे तोड़ दिया। तोड़फोड़ करते हुए आरोपित फरार हो गया। पुलिस रविवार को पीड़िता का मेडिकल कराने के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल अस्पताल ले गई थी। लेकिन, डाक्टर नहीं होने की वजह से यहां पीड़िता का मेडिकल नहीं हो पाया।
कपाली में महिला के साथ छेड़छड़ व मारपीट, शिकायत
कपाली में सोनारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला से छेड़छाड़ की गई। इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी हुई है। महिला ने मामले की शिकायत कपाली पुलिस से कर दी है। कपाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोनारी की महिला ने पुलिस को बताया है कि कपाली के कबीर नगर में उसकी जमीन है। वो अपनी जमीन देखने गई थी तो पता चला कि कुछ लोग इस पर अवैध निर्माण करा रहे हैं। इसका विरोध करने पर अवैध निर्माण कर रहे मुख्तार के बेटे शकील ने उसके साथ बदतमीजी की। महिला ने बताया कि मुख्तार, कफील, सुफियान, शकील आदि ने उसके पिता के साथ भी मारपीट की है।