जमशेदपुर में नहीं रांची में मुख्यमंत्री के बेटे को आशीर्वाद देंगे सरयू, है खास वजह
मुख्यमंत्री रघुवर दास के पुत्र ललित दास की शादी की जमशेदपुर में होनेवाली रिसेप्शन पार्टी में जमशेदपुर पश्चिमी के भाजपा विधायक और राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय नहीं जाएंगे।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री रघुवर दास के पुत्र ललित दास की शादी की जमशेदपुर में होनेवाली रिसेप्शन पार्टी में जमशेदपुर पश्चिमी के भाजपा विधायक और राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय नहीं जाएंगे। हालांकि, वे जमशेदपुर में ही रहेंगे। इसकी वजह खास है। सरयू राय ने बताया कि वे रविवार को शहर में रहेंगे, लेकिन पार्टी में शामिल नहीं होंगे। उन्हें रांची में 12 मार्च को होनेवाले रिसेप्शन का निमंत्रण मिला है। वे वहीं वर-वधू को आशीर्वाद देंगे।
इन दिनों झारखंड सरकार के मंत्री सरयू राय व मुख्यमंत्री रघुवर दास में बातचीत बंद है। पिछले दिनों (11 फरवरी) एग्रिको मैदान में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में मंत्री सरयू राय भी मौजूद थे, लेकिन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही सरयू वहां से निकल गए थे। इसके बाद शुक्रवार को टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) स्थित कांदरबेड़ा-दोमुहानी पुल के उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री सरयू राय व मुख्यमंत्री रघुवर दास करीब 45 मिनट तक मंच पर रहे, लेकिन दोनों में बातचीत नहीं हुई।
इससे यह चर्चा हो रही है कि सरयू राय मुख्यमंत्री के पुत्र की रिसेप्शन पार्टी में जाएंगे कि नहीं। शनिवार को बिष्टुपुर स्थित आवास पर संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के पूछने पर सरयू ने कहा कि उन्हें जमशेदपुर वाली रिसेप्शन पार्टी का निमंत्रण नहीं मिला है, रांची का मिला है।