कोल्हान बना विदेशी पक्षियों की पसंदीदा पनाहगाह: जमशेदपुर पहुंचे साइबेरिया व यूरोप के परिंदे, प्रकृति प्रेमियों में उत्साह
सर्दियों की शुरुआत के साथ ही कोल्हान क्षेत्र, विशेषकर जमशेदपुर, विदेशी प्रवासी पक्षियों का पसंदीदा ठिकाना बन गया है।

कड़ाके की ठंड से बचने और भोजन की तलाश में ये प्रवासी मेहमान हजारों किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर दलमा पहुंच रहे हैं।
HighLights
कोल्हान बना विदेशी प्रवासी पक्षियों का पसंदीदा शीतकालीन ठिकाना।
साइबेरिया, यूरोप से हजारों किलोमीटर उड़कर पहुंचे दुर्लभ पक्षी।
डिमना लेक, चांडिल डैम में पक्षियों का कलरव, जैव विविधता का संकेत।
जासं, जमशेदपुर। सर्दियों की दस्तक के साथ ही कोल्हान की धरती एक बार फिर विदेशी परिंदों की पसंदीदा पनाहगाह बनने लगी है।
कड़ाके की ठंड से बचने और भोजन की तलाश में ये प्रवासी मेहमान हजारों किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर यहां पहुंच रहे हैं।
कोई उत्तरी अमेरिका से तो कोई साइबेरिया, मंगोलिया, यूरोप और मध्य एशिया का लंबा सफर तय कर कोल्हान की वादियों में डेरा डाल चुका है।
इन दिनों जमशेदपुर के डिमना लेक, चांडिल डैम, स्वर्णरेखा नदी और दलमा के घने जंगलों में इन खूबसूरत प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट और कलरव स्पष्ट सुनाई दे रही है।
गडवाल, टफ्टेड पोचार्ड, बार हेडेड गूज, टाइगा फ्लाईकैचर और ग्रीनिश वार्बलर जैसे दुर्लभ व आकर्षक पक्षियों की मौजूदगी ने प्रकृति प्रेमियों, फोटोग्राफरों और पक्षी विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
नवंबर महीने से शुरू होने वाला इन पक्षियों का आगमन पूरी सर्दियों भर जारी रहता है। कोल्हान का अनुकूल मौसम, शांत वातावरण और पर्याप्त भोजन की उपलब्धता इन्हें हर साल इस क्षेत्र की ओर आकर्षित करती है।
सर्दियां खत्म होने और गर्मी की शुरुआत होते ही ये परिंदे वापस अपने मूल प्रजनन स्थलों की ओर लौट जाते हैं।
कोल्हान पहुंचे प्रमुख प्रवासी पक्षी और उनकी खासियतें
- गडवाल (Gadwall): यह पक्षी मुख्य रूप से उत्तरी अमेरिका, उत्तरी यूरोप और उत्तरी एशिया में प्रजनन करता है। इसे खुले पानी वाले दलदल, झीलों और आर्द्रभूमियों (वेटलैंड्स) में रहना पसंद है। डिमना लेक और चांडिल डैम के आसपास इसकी मौजूदगी देखी गई है। इसका शरीर भूरे और धूसर रंग का होता है।
- टफ्टेड पोचार्ड (Tufted Pochard): यूरोप और एशिया की मीठे पानी की झीलों में पाया जाने वाला यह खूबसूरत जलपक्षी सर्दी शुरू होते ही चांडिल डैम पहुंच चुका है। यह पानी में गहरे गोते लगाकर मछलियां और जलीय कीट पकड़ता है। इसके सिर के पीछे लटकती हुई काली कलगी इसकी सबसे बड़ी पहचान है।
- बार हेडेड गूज (Bar-headed Goose): मध्य एशिया, मंगोलिया, तिब्बत और चीन में प्रजनन करने वाला यह पक्षी स्वर्णरेखा नदी के तटों पर आ पहुंचा है। यह पक्षी हिमालय की बेहद ऊंची चोटियों को पार कर उड़ान भरने की अपनी अद्भुत क्षमता के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है।
- टाइगा फ्लाईकैचर (Taiga Flycatcher): साइबेरिया, मंगोलिया और चीन के जंगलों से उड़ान भरकर यह छोटा पक्षी दलमा के जंगलों में पहुंच चुका है। यह झाड़ियों और खुले जंगलों में छोटे कीट-पतंगों का शिकार करता है। नर पक्षी के गले पर नारंगी-लाल रंग की विशेष छटा दिखाई देती है।
- ग्रीनिश वार्बलर (Greenish Warbler): साइबेरिया, मध्य एशिया और हिमालयी क्षेत्रों से आने वाला यह नन्हा पक्षी पेड़ों की ऊंची शाखाओं और घनी झाड़ियों में रहना पसंद करता है। हरे-पीले रंग का शरीर और पंखों पर हल्की सफेद धारियां इसकी खास पहचान हैं। इसने दलमा में अपना डेरा जमा लिया है।
- कॉमन चिफचैफ (Common Chiffchaff): यूरोप, साइबेरिया और पश्चिमी एशिया से आने वाला यह प्रवासी पक्षी इन दिनों जमशेदपुर के आसपास के इलाकों में दिखाई देने लगा है। जैतूनी-भूरे रंग का शरीर और गहरे रंग के पैर इसकी विशेषता हैं। छोटे कीट-पतंगे और मकड़ियां इसका मुख्य भोजन हैं।
- वर्डिटर और ब्लू कैप्ड फ्लाईकैचर: वर्डिटर फ्लाईकैचर अपने चमकीले नीले-हरे रंग के लिए जाना जाता है, जबकि ब्लू कैप्ड ब्लू फ्लाईकैचर के सिर पर नीली टोपी जैसी आकृति होती है। दोनों ही छोटे कीट-पतंगों को खाकर अपना पेट भरते हैं और दलमा व चांडिल डैम के आसपास डेरा जमा चुके हैं।
वाइल्ड लाइफ बायोलॉजिस्ट एवं कंजर्वेशनिस्ट पक्षी विशेषज्ञ प्रसेनजीत सरकार का कहना है कि प्रवासी पक्षियों का आगमन किसी भी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और स्वस्थ पर्यावरण का सीधा संकेत है।
इन विदेशी मेहमानों का स्वागत केवल उत्साह और प्रेम से ही नहीं, बल्कि उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त रखकर किया जाना चाहिए।
प्रवासी पक्षी पर्यावरण के सच्चे मित्र हैं। इनका हर साल झारखंड और देश के विभिन्न हिस्सों में आना पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसलिए इन पक्षियों और इनके आवासों की सुरक्षा व संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।