विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गडवाल से लेकर वर्डिटर फ्लाईकैचर तक, कोल्हान में प्रवासी पक्षियों का डेरा, जानिए क्या है खासियत  

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:00 AM (IST)

सर्दियों की आहट के साथ ही हजारों किलोमीटर का सफर तय कर विदेशी प्रवासी पक्षी कोल्हान पहुंच गए हैं। 

टाइगा फ्लाईकैचर, रूबी थ्रोट, कामन चिफचैफ, वर्डिटर फ्लाईकैचर और टफ्टेड पोचार्ड। जागरण

टाइगा फ्लाईकैचर, रूबी थ्रोट, कामन चिफचैफ, वर्डिटर फ्लाईकैचर और टफ्टेड पोचार्ड। जागरण


HighLights

  1. विदेशी प्रवासी पक्षी सर्दियों में कोल्हान की धरती पर पहुंचे।

  2. डिमना लेक, चांडिल डैम, दलमा में इनकी चहचहाहट सुनाई दे रही।

  3. यह क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और स्वस्थ पर्यावरण का प्रतीक।

मनोज सिंह, जमशेदपुर। सर्दियों की आहट के साथ ही कोल्हान की धरती विदेशी परिंदों की पसंदीदा पनाहगाह बनने लगी है।

कोई हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर उत्तरी अमेरिका से पहुंचा है, तो कोई साइबेरिया, मंगोलिया, यूरोप और मध्य एशिया से लंबा सफर तय कर यहां आया है।

डिमना लेक, चांडिल डैम, स्वर्णरेखा नदी और दलमा के जंगलों में इन दिनों प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट सुनाई दे रही है। गडवाल, टफ्टेड पोचार्ड, बार हेडेड गूज, टाइगा फ्लाईकैचर और ग्रीनिश वार्बलर जैसे खूबसूरत पक्षियों की मौजूदगी ने प्रकृति प्रेमियों और पक्षी विशेषज्ञों का ध्यान खींचा है।

नवंबर से शुरू होने वाला इनका आगमन सर्दियों भर जारी रहता है। अनुकूल मौसम और भोजन की उपलब्धता इन्हें कोल्हान की ओर आकर्षित करती है। गर्मी शुरू होते ही ये अपने मूल प्रजनन स्थलों की ओर लौट जाते हैं।

प्रमुख प्रवासी पक्षी व उसकी खासियत

गडवाल - यह मुख्य रूप से उत्तरी अमेरिका, उत्तरी यूरोप व उत्तरी एशिया में प्रजनन करता है। खुले पानी वाले दलदल, झीलों और आर्द्रभूमियों में रहना पसंद करता है। डिमना लेक और चांडिल डैम के आसपास इसकी मौजूदगी देखी गई है। इसका शरीर भूरा और धूसर रंग का होता है।

टफ्टेड पोचार्ड -यूरोप और एशिया की मीठे पानी की झीलों में पाया जाने वाला यह खूबसूरत जलपक्षी सर्दी शुरू होते ही चांडिल डैम में आ चुका है।पानी में गहरे गोते लगाकर मछलियां और जलीय कीट पकड़ता है। सिर के पीछे लटकती कलगी इसकी पहचान है।

बार हेडेड गूज - मध्य एशिया, मंगोलिया, तिब्बत और चीन में प्रजनन करने वाला यह पक्षी सर्दी शुरू होते ही यह स्वर्णरेखा नदी में आ पहुंची है।हिमालय को अत्यधिक ऊंचाई पर पार करने की क्षमता के लिए विश्व प्रसिद्ध है।

टाइगा फ्लाईकैचर - साइबेरिया, मंगोलिया और चीन के जंगलों में प्रजनन करने वाला यह छोटा पक्षी सर्दी शुरू होते ही दलमा के जंगलों में पहुंच चुका है।झाड़ियों और खुले जंगलों में कीट-पतंगों का शिकार करता है। नर पक्षी में नारंगी-लाल रंग की विशेष छटा दिखाई देती है।

ग्रीनिश वार्बलर -साइबेरिया, मध्य एशिया और हिमालयी क्षेत्रों से आने वाला यह छोटा पक्षी पेड़ों की शाखाओं और घनी झाड़ियों में रहता है। हरे-पीले रंग का शरीर और पंखों पर सफेद धारियां इसकी पहचान हैं।दलमा में डेरा जमा चुका है।

कामन चिफचैफ - यूरोप, साइबेरिया और पश्चिमी एशिया से आने वाला यह प्रवासी पक्षी सर्दियों में जमशेदपुर के आसपास दिखाई देने लगा है। जैतूनी-भूरे रंग का शरीर और गहरे पैर इसकी विशेषता हैं। छोटे कीट-पतंगे और मकड़ियां इसका भोजन हैं।

वर्डिटर फ्लाईकैचर - वर्डिटर फ्लाईकैचर अपने चमकीले नीले-हरे रंग के लिए जाना जाता है। वहीं, ब्लू कैप्ड ब्लू फ्लाईकैचर के सिर पर नीली टोपी जैसी आकृति होती है। दोनों छोटे कीट-पतंगों को खाकर अपना भोजन जुटाते हैं।यह दलमा व चांडिल डैम के आसपास डेरा जमा चुका है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

प्रवासी पक्षियों का आगमन किसी भी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और स्वस्थ पर्यावरण का संकेत है। इन विदेशी मेहमानों का स्वागत केवल प्रेम और उत्साह से नहीं, बल्कि उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखकर किया जाना चाहिए। प्रवासी पक्षी पर्यावरण के मित्र हैं। इनका हर साल झारखंड और देश के विभिन्न हिस्सों में आना पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए इनके आवासों की सुरक्षा और संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। - प्रसेनजीत सरकार, वाइल्ड लाइफ बायोलाजिस्ट एवं कंजर्वेशनिस्ट पक्षी विशेषज्ञ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।