विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MGM जमशेदपुर में बदलेगा डायलिसिस का पूरा सिस्टम, 2.31 करोड़ से बनेगा नया सेंटर

Published: Sat, 12 Sep 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 2.31 करोड़ रुपये की लागत से 10 बेड का अत्याधुनिक डायलिसिस सेंटर स्थापित किया जाएगा।

एमजीएम जमशेदपुर। (फाइल फोटो)

एमजीएम जमशेदपुर। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एमजीएम अस्पताल में 2.31 करोड़ का नया डायलिसिस सेंटर।

  2. 10 बेड की अत्याधुनिक सुविधा से हजारों मरीजों को लाभ।

  3. निजी सेंटरों के महंगे इलाज से मिलेगी मुक्ति, सरकारी सुविधा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कालेज अस्पताल में डायलिसिस सेवा को लेकर बड़ी पहल शुरू हुई है।

स्वास्थ्य विभाग से फंड मिलने के बाद अस्पताल में 2.31 करोड़ रुपये की लागत से 10 बेड का अत्याधुनिक डायलिसिस सेंटर स्थापित किया जाएगा।

इसके लिए ई-टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और नए छह मंजिला भवन में जगह भी चिह्नित की गई है। सेंटर शुरू होने के बाद किडनी रोगियों को निजी सेंटरों पर महंगा इलाज कराने की मजबूरी कम होगी।

फिलहाल अस्पताल परिसर में राज्य स्तर पर चयनित एजेंसी एमएस डीसीडीसी हेल्थ केयर सर्विस प्राइवेट लिमिटेड पीपीपी मोड पर डायलिसिस सेवा चला रही है।

एजेंसी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अवधि विस्तार दिया था। अब अस्पताल में सरकारी डायलिसिस सेवा शुरू करने के लिए अधीक्षक ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजकर वर्तमान सेंटर को स्थानांतरित कराने या खाली कराने का आग्रह किया है।

पत्र में एजेंसी को उपलब्ध कराए गए कमरे 15 दिनों के अंदर खाली कराने की मांग की गई है, ताकि नई मशीनें और उपकरण लगाए जा सकें।

कोल्हान के हजारों मरीजों को राहत की उम्मीद

किडनी फेल्योर और क्रानिक किडनी डिजीज के मरीजों को नियमित डायलिसिस की जरूरत होती है। मधुमेह और अनियंत्रित ब्लड प्रेशर से किडनी खराब होने वाले मरीज भी इससे लाभान्वित होंगे।

सप्ताह में दो-तीन बार डायलिसिस कराने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों पर निजी सेंटरों का खर्च भारी पड़ता है। एमजीएम में नई सुविधा शुरू होने से कोल्हान के तीनों जिलों के मरीजों को कम दर या सरकारी योजनाओं के तहत निश्शुल्क इलाज मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में फर्जी तरीके से मतदाता बने 3 अफगानी नागरिक, निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गोलमुरी थाने में FIR दर्ज