MGM में मरीज के परिजनों की पिटाई पर भड़के बीजेपी नेता, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस; जानिए पूरा मामला
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में मरीज के परिजनों और होमगार्ड जवानों के बीच झड़प हुई। परिजनों ने पिटाई का आरोप लगाया, जबकि जवानों ने पास न दिखाने को वजह बताया।

एमजीएम अस्पताल में होमगार्ड की मनमानी के खिलाफ विरोध जताते भाजपा कार्यकर्ता।
HighLights
एमजीएम अस्पताल में परिजनों और होमगार्ड जवानों में हुई झड़प।
परिजनों ने लाठी-डंडों से पिटाई का गंभीर आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर शनिवार को उस समय अखाड़ा बन गया, जब मरीज के परिजनों और सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों के बीच तीखी झड़प हो गई।
मरीज के स्वजनों ने आरोप लगाया है कि परिसर में तैनात 8 से 10 होमगार्ड जवानों ने उनकी लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा।
बार-बार पूछताछ और नेम प्लेट न पहनने का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता गुंजन यादव मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया।
परिजनों के हवाले से भाजपा नेता ने बताया कि ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने अस्पताल में बार-बार आने-जाने का कारण पूछते हुए परिजनों को परेशान करना शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर जवानों ने मरीज के स्वजनों पर लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। जान बचाने के लिए पीड़ित इधर-उधर भागते रहे, लेकिन जवानों ने उन्हें दौड़ा-दौड़कर पीटा।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी होमगार्ड जवान ने नेम प्लेट नहीं पहन रखी थी और घटना का वीडियो बना रहे एक प्रत्यक्षदर्शी का मोबाइल लेकर फुटेज भी डिलीट करवा दिया गया।
पास दिखाने से मना किया और दी धमकी
दूसरी ओर, होमगार्ड जवानों ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि अस्पताल सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पास सिस्टम लागू किया गया है।
जब उन्होंने परिजनों से अस्पताल का पास दिखाने को कहा, तो वे उलझ गए और पास दिखाने से साफ इनकार कर दिया। जवानों का आरोप है कि परिजनों ने उनके साथ बदसलूकी की और देख लेने की धमकी दी, जिसके बाद स्थिति बिगड़ी।
टूटी लाठी जब्त, CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी दयानंद कुमार और एमजीएम थाना प्रभारी को सूचना दी गई।
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घटनास्थल से एक टूटी हुई लाठी जब्त की है।
पीड़ितों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला फिलहाल जांच के अधीन है। लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि सत्यता स्पष्ट हो सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल रिपोर्ट, बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले सुरक्षाकर्मियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
