विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एमजीएम कॉलेज में शिक्षकों का संकट; RTI से खुलासा, 161 में 88 पद खाली, कई विभागों में एक भी सहायक प्राध्यापक नहीं

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:13 PM (GMT+05:30)

जन विकास मंच की RTI रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में 161 स्वीकृत पदों में से 88 शिक्षक-चिकित्सकों के पद खाली हैं।

शिशु रोग, एनेस्थीसिया और दंत चिकित्सा विभाग में सहायक प्राध्यापक के चार-चार पद स्वीकृत हैं, लेकिन एक भी पद पर नियुक्ति नहीं हुई है।

शिशु रोग, एनेस्थीसिया और दंत चिकित्सा विभाग में सहायक प्राध्यापक के चार-चार पद स्वीकृत हैं, लेकिन एक भी पद पर नियुक्ति नहीं हुई है।

HighLights

  1. एमजीएम कॉलेज में 161 में से 88 पद खाली।

  2. कई महत्वपूर्ण विभागों में सहायक प्राध्यापक नहीं हैं।

  3. सरकार से रिक्तियां भरने की त्वरित मांग की गई।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी मेडिकल कॉलेज एमजीएम में शिक्षक-चिकित्सकों की भारी कमी का बड़ा खुलासा हुआ है। जन विकास मंच को सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मिली रिपोर्ट से यह बात सामने आई है। 
 
इसमें कॉलेज में प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापक के कुल 161 स्वीकृत पदों में से महज 73 पर ही चिकित्सक कार्यरत हैं, जबकि 88 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। 
 
शिक्षकों की इस कमी का सीधा असर मेडिकल छात्रों की पठन-पाठन व्यवस्था के साथ-साथ अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों पर भी पड़ रहा है।
 

सहायक प्राध्यापक के 80 में से 60 पद खाली 

आरटीआइ रिपोर्ट के अनुसार, एमजीएम मेडिकल कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के कुल 80 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 60 पद रिक्त हैं और केवल 20 पदों पर ही चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 
 
इसके अलावा, प्राध्यापक के 38 स्वीकृत पदों में से 23 और सह-प्राध्यापक के 43 स्वीकृत पदों में से 30 पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं। 
 
खास बात यह है कि कार्यरत प्राध्यापकों में से 6 चिकित्सक संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) पर काम कर रहे हैं। सह-प्राध्यापक वर्ग में एनेस्थीसिया के सभी तीनों पद पूरी तरह रिक्त हैं।
 

कई विभागों में एक भी सहायक प्राध्यापक नहीं 

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई महत्वपूर्ण विभागों में सहायक प्राध्यापक का एक भी पद नहीं भरा गया है। 
 
रिपोर्ट के मुताबिक शिशु रोग, एनेस्थीसिया और दंत चिकित्सा विभाग में सहायक प्राध्यापक के चार-चार पद स्वीकृत हैं, लेकिन एक भी पद पर नियुक्ति नहीं हुई है।
 
अन्य विभाग सरीखे ईएनटी, टीबी एवं चेस्ट, चर्म रोग और एनाटॉमी विभाग में सहायक प्राध्यापक के तीन-तीन पद खाली हैं। वहीं, सामान्य सर्जरी विभाग में 8 में से 3 और मेडिसिन विभाग में 8 में से 4 सहायक प्राध्यापक ही कार्यरत हैं।
 

सरकार से उठाई गई त्वरित कार्रवाई की मांग 

आरटीआइ के जरिए सामने आए इन चौंकाने वाले आंकड़ों के बाद जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु ने राज्य सरकार से मांग की है कि रिक्त पदों को भरने के लिए एक समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए। 
 
उन्होंने जिन विभागों में एक भी सहायक प्राध्यापक नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर नियुक्तियां करने और हर तिमाही विभागवार रिक्तियों का ब्योरा जनता के सामने जारी करने की मांग उठाई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।