विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jamshedpur News : ऑक्सीजन मांगते रहे परिजन, नर्स कहती रही नीचे से लाने में लगेगा समय; मरीज की मौत के बाद आधे घंटे तक विरोध

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:25 PM (IST)

जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में एक मरीज की ऑक्सीजन न मिलने से मौत का आरोप लगा है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की।

जमशेदपुर एमजीएम अस्‍पताल में मरीज की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

जमशेदपुर एमजीएम अस्‍पताल में मरीज की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

HighLights

  1. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।

  2. आधे घंटे तक विरोध प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग।

जासं, जमशेदपुर। डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में एक बार फिर इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं। सोमवार को 53 वर्षीय मरीज मिश्री मांझी की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। 
 
परिजनों का कहना है कि समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण मरीज की जान चली गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
 
जानकारी के अनुसार, मृतक मिश्री मांझी कोवाली थाना क्षेत्र के निवासी थे। उनकी बेटी रूपाली मांझी ने बताया कि उनके पिता किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और पहले सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। 
 
तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें लेकर एमजीएम पहुंचे थे, जहां चौथी मंजिल स्थित मेडिसिन वार्ड के बेड नंबर 448 पर उन्हें भर्ती कराया गया।
 

नर्स ने कहा कि ऑक्सीजन नीचे है, लाने में लगेगा समय 

रूपाली मांझी के मुताबिक, भर्ती किए जाने के बाद उनके पिता का ब्लड सैंपल लिया जा रहा था। इसी दौरान उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें तत्काल ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ी। 
 
परिजनों ने वार्ड में मौजूद नर्स से कई बार ऑक्सीजन लगाने की गुहार लगाई। आरोप है कि नर्स ने यह कहकर टाल दिया कि ऑक्सीजन नीचे है और उसे लाने में समय लगेगा। 
 
इसी बीच तड़पते हुए मरीज ने दम तोड़ दिया। परिजनों का यह भी दावा है कि मौत के बाद नर्स ने बताया कि ऑक्सीजन बेड के पास ही उपलब्ध थी।
 

क्या बोलीं मृतक की बेटी 

मृतक की बेटी रूपाली मांझी ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कई बार नर्स से ऑक्सीजन देने की विनती की, लेकिन समय पर सुविधा नहीं मिली। 
 
यदि समय रहते ऑक्सीजन मिल जाती, तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी। गरीब मरीज बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर सरकारी अस्पताल आते हैं, लेकिन यहां जरूरी जीवनरक्षक सुविधा मिलने में देरी होना बेहद दुखद और चिंताजनक है।
 

आधे घंटे तक चला विरोध 

सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। 
 
परिजनों ने जिम्मेदार चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग दोहराई है। फिलहाल, इस पूरे प्रकरण पर अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आ सका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।