गठबंधन हो न हो, हर हाल में घटशिला से लड़ूंगा चुनाव : बलमुचू
विधानसभा चुनाव में झारखंड में गठबंधन हो न हो मै हर हाल में घाटशिला से चुनाव लड़ूंगा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : विधानसभा चुनाव में झारखंड में गठबंधन हो न हो, मै हर हाल में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ूंगा। ये बातें कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने शनिवार को तिलक पुस्तकालय बिष्टुपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि मैं झारखंड में वर्तमान नेतृत्व परिवर्तन के पक्ष में हूं। तभी चुनावों में बेहतर परिणाम की उम्मीद की जा सकेगी। प्रदेश नेतृत्व आज तक लोकसभा चुनाव में हार की समीक्षा तक नहीं कर पाया है तो विधानसभा चुनाव कैसे जीतेगा। प्रदेश नेतृत्व को यहां के गांव-देहात का कुछ अंदाजा ही नहीं है। एयरकंडीशन में बैठक करने से पार्टी नहीं चल पाएगी। इन सभी बातों से केंद्रीय नेतृत्व को भी अवगत करा दिया गया। हफ्ते भर में ही नये राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा होने की उम्मीद है। इसके बाद पूरे देश में संगठन को नई धार मिलेगी। इन सबके बावजूद भी यदि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ती है तो यह कांग्रेस का दुर्भाग्य होगा।
उन्होंने कहा कि रघवुर सरकार भ्रष्टाचार से समझौता नहीं करने का ढोंग करती है। अभी कुछ दिन ही पहले टाटा प्रोजेक्ट के इंजीनियरिग एंड टेक्नोलॉजी के कंसल्टेंट अविनाश कुमार ने झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी राहुल पुरवार पर कंसल्टेंट कंपनी के बकाया 42 करोड़ रुपये रिलीज करने के लिए 2.5 प्रतिशत घूस मांगने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री तक से की गई, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। राहुल पुरवार अपने एक करीबी के जरिए अविनाश को धमकी भी दिलवा रहे हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि सब मिलकर घूसखोरी का यह कारोबार चला रहे हैं। जब नितिन मदन कुणकर्णी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई तो उनका स्थानांतरण कर दिया गया। इसके कुछ दिन पहले ही कंबल घोटाला हुआ था। सारी जांच रिपोर्ट आ गई। घोटाले की पुष्टि हो गई। रघुवर सरकार के ही कैबिनेट मंत्री ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन इसको भी दबा दिया गया। इससे यह साफ हो गया है कि रघुवर सरकार भ्रष्टाचार रूपी कैंसर से पीड़ित है। इसी बीमारी से इस सरकार का मरना तय है। आज मरे चाहे कुछ दिन बाद। पत्रकार वार्ता में चिन्ना राव सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप