भागवत कथा के पहले दिन निकली भव्य कलश यात्रा
जन मानस भागवत सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार से एग्रिको ट्रांसप
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जन मानस भागवत सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार से एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में शुरू हुई भागवत कथा के पहले दिन सुबह साकची शीतला मंदिर से कलश यात्रा प्रारंभ हुई। साकची शीतला मंदिर के राधा कृष्ण मंदिर में राम अवतार वेंगराजका ने सपत्नीक मुख्य यजमान के रूप में सप्ताह पारायण भागवत कथा का संकल्प लिया एवं लगभग 100 महिलाओं ने भागवत भगवान की कलश यात्रा में भाग लिया। इन लोगों ने नारियल एवं कलश लेकर स्ट्रेट माइल रोड से बाजे-गाजे के साथ एग्रिको ट्रासपोर्ट मैदान के लिए प्रस्थान किया। शोभायात्रा का नेतृत्व वृंदावन से आए आचार्य राजेंद्र महाराज रथ पर बैठकर कर रहे थे। उनके साथ में उनके शिष्य भी यात्रा में सम्मिलित थे। कलश यात्रा के एग्रिको ट्रासपोर्ट मैदान पहुंचने पर महिलाओं ने कलश पूजा स्थल पर स्थापित किया।
शाम को भागवत कथा मंत्रोचार एवं संगीत के साथ आरंभ हुई। आचार्य राजेंद्र महाराज ने कहा कि कलिकाल में भक्ति की रसधारा को प्रवाहित करने का माध्यम है भागवत कथा। इसी कारण वृंदावन भूमि भक्ति की भूमि बनती है। नैमिषारण्य में शौनक आदि 88,000 ऋषियों की मानस भूमि में ऋषि कुमार सुकदेव द्वारा श्रीमद्भागवत की कथावस्तु अवतरित होती है।
-------
इनसेट ::::::::
वसुंधरा एस्टेट में भागवत कथा 25 से
नव वर्ष के उपलक्ष्य मे एनएच-33 स्थित वसुंधरा एस्टेट में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ 25 दिसंबर सोमवार से आरंभ होगा। इसकी पूर्णाहुति एक जनवरी को होगी। वृंदावन से आए श्रीकृष्ण प्रेम रसावतार स्वामी वृजनंदन शास्त्री रोजाना दोपहर तीन बजे से व्यासपीठ पर आसीन होकर श्रीमद्भागवत कथा का भक्तों को रसपान कराएंगे। 26 दिसंबर को व्यास-नारद संवाद, पाडव चरित्र, शुकदेव चरित्र पर प्रवचन होगा। 27 दिसंबर को जड़ भरत, कपिल देवहुति संवाद प्रसंग का वर्णन होगा। 28 दिसंबर को ध्रुव चरित्र, राजा बलि, वामन भगवान प्रसंग की कथा होगी। 29 दिसम्बर को श्रीराम-कृष्ण जन्म एवं नंदोत्सव मनाया जाएगा। 30 दिसंबर को श्रीकृष्ण लीला एवं गोवर्धन लीला पर प्रवचन होगा। 31 दिसंबर को उद्धव चरित्र, श्रीकृष्ण मथुरा गमन, रुक्मिणी मंगल पर प्रवचन का आयोजन होगा। एक जनवरी को सुदामा चरित्र, पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा।