माधुरी दीक्षित के दीवाने पहुंच रहें घर-घर, कह रहें जमशेदपुर को दिल्ली ना बनने दें
बॉलीवुड अदाकारा धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित के प्रशंसक एवं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के ब्रांड अंबेस्डर पप्पू सरदार भी कोरोना के खिलाफ जंग में उतर आए हैं। वे विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को महामारी कोविड-19 से बचाव के लिए जागरूक कर रहे हैं।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता) । धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित के प्रशंसक एवं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के ब्रांड अंबेस्डर पप्पू सरदार भी कोरोना के खिलाफ जंग में उतर आए हैं। वे विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को महामारी कोविड-19 से बचाव के लिए जागरूक कर रहे हैं। साथ ही जगह-जगह पर पोस्टर लगाकर जागरूकता संदेश भी दे रहे हैं। पप्पू सरदार द्वारा साकची गोलचक्कर पर लगाए गए पोस्टर में लिखा है-जमशेदपुर को दिल्ली ना होने दें। साथ ही इस पोस्टर में कोरोना से बचाव के उपाय भी बताए गए हैं। इसमें दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी। मास्क नहीं तो टोकेंगे, कोरोना को रोकेंगे।
जबतक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं जैसे पंच लाइन शामिल हैं। बताते चलें कि पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अभी तक कुल तीन लाख 47 हजार 330 लोगों की कोरोना जांच हुई है। इसमें 16 हजार 564 पॉजिटिव मिले हैं। जबकि तीन लाख 30 हजार 766 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में फिलहाल 243 एक्टिव केस है। रविवार को सिर्फ पांच लोग ही कोरोना संक्रमित मिले।
पूर्वी सिंहभूम जिले का रिकवरी रेट 96 फीसद
पूर्वी सिंहभूम जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 96 फीसद पहुंच गया है। वहीं, देश का रिकवरी रेट 93.50 व झारखंड राज्य का रिकवरी रेट 96.85 फीसद है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना से मरीजों की मृत्युदर 2.2 फीसद है।
जिले के किस प्रखंड में कितने एक्टिव केस
प्रखंड एक्टिव केस
बाहरागोड़ा 15
चाकुलिया 09
धालभूमगढ़ 12
डुमरिया 04
घाटशिला 22
जुगसलाई (शहरी क्षेत्र) 171
मुसाबनी 15
पटमदा 07
पोटका 19