Lockdown 4 : 31 मई तक बढ़ा लॉकडाउन, कोल्हान को क्या मिलेगी राहत; जानिए
Lockdown 4. लॉकडाउन-4 में स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। हवाई और मेट्रो सेवाएं भी बंद रहेंगी। हालांकि राज्यों की अब कोरोना संक्रमण को लेकर इलाकों को पांच जोन में बांटा जाएगा।
जमशेदपुर, जेएनएन। Lockdown 3 की आज यानी रविवार को मियाद खत्म हो गई है। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से लॉकडाउन 4 के लिए नई एडवाइजरी जारी की गई है। इस पर देशभर के साथ ही झारखंड के कोल्हान के तीनों जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेसरायकेला-खरसावां जिले की भी नजरें टिकी थी। लॉकडाउन 4 की अवधि 31 मई तक बढ़ा दी गई है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक घरेलू-विदेशी उड़ानों को इजाजत नहीं होगी। इसके साथ ही हॉटस्पॉट एरिया में सख्ती जारी रहेगी। 31 मई तक मेट्रो सेवा पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। स्कूलों व कॉलेजों में ऑनलाइन पढ़ाई होगी। गाइडलाइन के मुताबिक रेड, ऑरेंज, ग्रीन जोन अब राज्य सरकारें तय करेंगे। अब जोन की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी। मसलन, रेड, ऑरेंज,ग्रीन, बफर और कंटेनमेंट। सभी तरह के पूजा स्थल बंद रहेंगे और ईद भी इस बार लॉकडाउन में मनाई जाएगी। बड़ी संख्या में लोगों के जहां-तहां फंसे होने की वजह से राज्यों की सहमति से अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू हो सकेगी। होटल, रेस्टोरेंट, मॉल, सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल और जिम बंद रहेंगे। इसके अलावा बगैर दर्शक स्टेडियम खुल सकेंगे। मिठाई दुकानें तो खुलेंगी, लेकिन उन्हें होम डिलीवरी करनी होगी।
शाम सात बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू
लॉकडाउन 4 में शाम सात बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। इस दौरान निकलने की मनाही होगी। 65 साल से अधिक आयु के व्यक्तियों, बीमार लोगों, गर्भवतियों और 10 साल से कम आयु के बच्चों को अति आवश्यक या स्वास्थ्य कारणों के अलावा घर पर ही रहने की सलाह दी गई है।
प्रधानमंत्री ने की थी ये घोषणा
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन 4 की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने कहा था कि यह जल्द ही नए स्वरूप में आएगा। लाकडाउन की अवधि उनकी घोषणा के अनुरूप 31 मई तक बढ़ा दी गई है। इधर, झारखंड में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ कहा है कि अभी किसी भी स्तर पर रियायतें नहीं दी जाएंगी। हालांकि, उन्होंने लॉकडाउन 4 के लिए केंद्र के दिशा-निर्देश के साथ आगे बढ़ने की बात कही है। ऐसा माना जा रहा है कि लॉकडाउन-4 में ग्रीन जोन को पूरी तरह खोला जा सकता है। जबकि ऑरेंज और रेड जोन में पाबंदियां थोड़ी कम रहेंगी। कुछ क्षेत्रों की बंदिशें आंशिक और पूर्ण रूप से खत्म की जा सकती हैं। हालांकि, यह राज्य सरकार पर निर्भर करेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज इसपर फैसला लेंगे।