इंटरनेट मीडिया से अश्लील सामग्री हटाने के लिए सूचना प्रसारण मंत्री को लिखा पत्र
भारतीय जन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मचंद्र पोद्दार ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री को पत्र लिखा है जिसमें गूगल फेसबुक व यूट्यूब से अश्लील सामग्री हटाने की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है कि किस कानून के तहत अश्लील चीजें दिखाई जा रही है ।
जमशेदपुर, जासं। भारतीय जन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मचंद्र पोद्दार ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री को पत्र लिखा है, जिसमें गूगल, फेसबुक व यूट्यूब से अश्लील सामग्री हटाने की मांग की गई है।
ईमेल के माध्यम से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि किस कानून के तहत इस प्रकार की अश्लील चीजें (आवारगी) दिखाई जा रही है । नई पीढ़ी के भविष्य को बर्बाद किया जा रहा है। भारत में जो दिखाया जाता है वह केवल भारत में ही दिखता है। कहा जाता है कि कंज्यूमर की च्वाइस पर इन चैनलों का निर्माण होता है। इंडियन कंज्यूमर के हिसाब से कंटेंट अपलोड किया जाना चाहिए । इंडियन कंज्यूमर अश्लील चीजें नहीं चाहता है चाहे वह किसी भी जाति व धर्म का हो।
पत्र में यह भी कहा गया है कि हम आधुनिकता के चक्कर में पाश्चात्य संस्कृति को अपना रहे हैं, जो हमारी अपनी संस्कृति नष्ट कर रही है। मोबाइल, टीवी, यूट्यूब, फेसबुक, इंटरनेट कोई भी एप हो, सभी जगहों से अश्लील चीजों को हटा देना चाहिए। यह हमारी सभ्यता संस्कृति के पतन के लिए दिखाया जाता है।
यह नहीं हटा तो धीरे-धीरे हम अपनी सभ्यता-संस्कृति को भूल कर पश्चिमी सभ्यता के हो जाएंगे, जो हमारे लिए शर्म की बात है।हम अपनी सभ्यता संस्कृति को खोने नहीं देंगे।इस प्रकार की चीजों से दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। इन सबको ध्यानस्थ कर आपके द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है। इस पत्र के द्वारा मांग की गई हैं कि भारत में इस प्रकार की चीजों को दिखाए जाने पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।
चेतावनी भी दी गई है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो भारतीय जन महासभा के भारत के विभिन्न भागों के लोग धरना-प्रदर्शन करने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेंगे और इसकी जवाबदेही सरकार की होगी। ज्ञात हो कि इस संस्था ने हाल ही में देवी-देवताओं का वीडियो डालकर अश्लील व अभद्र भाषा परोसने पर जमशेदपुर स्थित साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके 48 घंटे के अंदर यूट्यूब ने एक खास चैनल में डाले गए करीब दो दर्जन अश्लील वीडियो डिलीट कर दिया था।