इस दौरान उन्होंने शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग की समस्या, औद्योगिक परिवहन, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक इंतजाम को लेकर टाटा प्रबंधन के समक्ष ठोस प्रस्ताव रखे।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था में सुधार की मांग
मुलाकात के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड जैसे टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में लगातार लग रहे जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या पर विशेष रूप से चर्चा की।
उन्होंने टाटा लीज की शर्तों के तहत पार्किंग व्यवस्था के प्रावधानों और उनके क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा कराने का आग्रह किया, ताकि बाजारों में आने वाले आम नागरिकों को सुगम यातायात और व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही, उन्होंने व्यावसायिक और भारी वाहनों के लिए 'नो एंट्री' के समय की व्यावहारिक समीक्षा करने का सुझाव दिया।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के लिए एक अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने पर जोर दिया गया।
जिससे औद्योगिक इकाइयों तक कच्चे माल और तैयार उत्पादों की आवाजाही सुगम हो सके। इससे परिवहन का समय घटने से उद्योगों और ट्रांसपोर्टरों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में गैर-लाभकारी अस्पताल खोलने का प्रस्ताव
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए षाड़ंगी ने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा की देश भर में 40-50 गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने की पहल का हवाला दिया।
उन्होंने आग्रह किया कि इस योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में भी एक आधुनिक जनरल अस्पताल स्थापित किया जाए।
इस प्रस्ताव के तहत सक्षम मरीजों से उनकी भुगतान क्षमता के अनुसार शुल्क लेकर, उससे मिलने वाले संसाधनों का उपयोग आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के मुफ्त या रियायती इलाज में करने का सुझाव दिया गया है।
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण में सहयोग का आग्रह
इससे ग्रामीण आबादी को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना का मुद्दा उठाया।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पूछे गए 19 पर्यावरणीय और वन्यजीव संबंधी सवालों के जवाब 'स्टेज-वन' स्वीकृति प्रक्रिया के तहत पहले ही भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने टाटा समूह से इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगे बढ़ाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। उनका कहना था कि एयरपोर्ट के निर्माण से पूर्वी सिंहभूम की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन व औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
औद्योगिक क्षेत्रों के लिए बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक इंतजाम
पूर्वी सिंहभूम में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरायकेला जिले की तर्ज पर शहर से बाहर चिह्नित औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक इंतजाम करने का सुझाव दिया गया।
उन्होंने कहा कि नए उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के साथ-साथ टाटा पावर या जुस्को के माध्यम से भी बिजली प्राप्त करने का विकल्प मिलना चाहिए।
इससे औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और नए उद्यमों की स्थापना की राह आसान होगी। षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश और नए उद्योगों की स्थापना के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि नागरिक सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी टाटा समूह की हर सकारात्मक पहल में राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।