कोल्हान विवि सिंडिकेट का बड़ा फैसला: कॉलेजों में नियुक्त होंगे अतिथि शिक्षक, ग्रेच्युटी सीमा बढ़कर हुई ₹25 लाख
कोल्हान विश्वविद्यालय सिंडिकेट ने कुलपति की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी। इसमें अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति, ग्रेच्युटी सीमा ₹25 लाख तक बढ़ाना और कर्मचारियों की पदोन्नति शामिल है।

कोल्हान विवि में सिंडिकेट की बैठक में विश्वविद्यालय एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
HighLights
अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त, मानदेय तय।
शिक्षकों-कर्मचारियों की ग्रेच्युटी सीमा ₹25 लाख हुई।
कर्मचारियों की पदोन्नति परीक्षा परिणाम को मिली मंजूरी।
जासं, जमशेदपुर। कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू), चाईबासा मुख्यालय में मंगलवार को कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता की अध्यक्षता में सिंडिकेट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
इसमें विश्वविद्यालय और इसके अंगीभूत महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के साथ-साथ कर्मचारियों के हित में कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
राज्य विश्वविद्यालय आयोग की नई नियमावली के तहत आयोजित यह पहली सिंडिकेट बैठक थी, जिसमें पिछली अकादमिक काउंसिल के सभी निर्णयों को भी स्वीकृति दी गई।
कॉलेजों में नियुक्त होंगे अतिथि शिक्षक, तय हुआ मानदेय
विश्वविद्यालय और कॉलेजों में पठन-पाठन को बेहतर बनाने के लिए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त किया गया है।
कॉलेजों के प्रस्ताव के आधार पर स्नातकोत्तर (PG) में 55 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी, पीजी टॉपर और नेट-जेआरएफ (NET-JRF) उत्तीर्ण अभ्यर्थी अतिथि शिक्षक बन सकेंगे। मानदेय के तहत:
- पीजी 55% अंकधारक: ₹10,000 प्रति माह
- पीजी टॉपर: ₹15,000 प्रति माह
- नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण: ₹18,000 प्रति माह
इनका भुगतान संबंधित कॉलेज के ए-अकाउंट से किया जाएगा और इसके लिए एसओपी (SOP) तैयार की जा रही है।
ग्रेच्युटी सीमा बढ़कर 25 लाख रुपये हुई
सिंडिकेट ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की ग्रेच्युटी सीमा को बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
इस निर्णय का सीधा लाभ 1 जनवरी 2024 के बाद से सेवानिवृत्त होने वाले या होने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों को मिलेगा, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
वोकेशनल शिक्षकों को 11 माह का एकमुश्त मानदेय
वोकेशनल कोर्स के शिक्षकों को अब हर महीने मानदेय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सिंडिकेट ने निर्णय लिया है कि विभिन्न कॉलेजों को पूरे 11 माह की मानदेय राशि एक साथ आवंटित की जाएगी।
कॉलेजों द्वारा उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करने के बाद अगली 11 माह की राशि फिर से एकमुश्त जारी कर दी जाएगी।
शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रमोशन का रास्ता साफ
बैठक में लंबे समय से लंबित कर्मचारियों की पदोन्नति परीक्षा के परिणाम को अनुमोदित कर दिया गया। परिणाम जारी होने के बाद सफल कर्मियों को कार्यालय अधीक्षक, अकाउंटेंट और लिपिक के पदों पर प्रमोट किया जाएगा।
साथ ही, दोहरा कार्य करने वाले कर्मियों को अतिरिक्त राशि देने पर सहमति बनी। इसके अलावा, जेपीएससी (JPSC) की अनुशंसा पर ओडिया विभाग के हरिहर प्रधान को रीडर, डॉ. पी. सियाल व डॉ. एस.एन. ठाकुर को लेक्चरर तथा जूलॉजी विभाग के डॉ. जावेद अख्तर अंसारी व कुलसचिव डॉ. अमर कुमार के प्रमोशन का भी अनुमोदन किया गया।