आज के युग में ज्ञान ही शक्ति है, इसे दिल से स्वीकार करें छात्र : जीवराज संधु
जागरण संवाददाता जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित आरवीएस कालेज आफ इंजीनियरि
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित आरवीएस कालेज आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी में आठ दिनों तक चलने वाला इनडक्शन- 2020 का आयोजन प्रारंभ हो गया है। इसके साथ नए शैक्षणिक सत्र का विधिवत आगाज भी हो गया है। सोमवार को कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का आयोजन आरवीएस एजुकेशनल ट्रस्ट के चेयरमैन बिंदा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टाटा मोटर्स के इआरसी हेड जीवराज सिंह संधु थे। जीवराज संधु ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य के सुंदर निर्माण के लिए अनुशासित होकर कड़ी मेहनत करनी चाहिए। आज के युग में ज्ञान ही शक्ति है, को हृदय से स्वीकार करना चाहिए। जीवन में अपने उद्देश्य की प्राप्ति के लिए काम करना चाहिए।
संस्थान के कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इनोवेशन पर हमें ध्यान देना चाहिए। नित्य नई उपलब्धियों के लिए हमें इनोवेटिव होना पड़ेगा। संस्थान के अकादमिक डीन डा. राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि हमारे शिक्षक बहुत सहयोगी हैं। हमारे छात्रों को इससे फायदा उठाना चाहिए। इससे पूर्व क्रार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डा. आरएन गुप्ता ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। वहीं चेयरमैन बिंदा सिंह ने मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। यह पूरा कार्यक्रम शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मनाया गया। सभागार में केवल स्थानीय नव-नामाकित छात्र-छात्राओं को ही बुलाया गया था। बाहर के छात्र आनलाइन जुडे़ हुए थे। उद्घाटन सत्र के बाद शिक्षकों का परिचय छात्र-छात्राओं से कराया गया। इंडक्शन 2020 का आयोजन विज्ञान एवं मानविकी विभाग के संयोजन में किया जा रहा है।