बोले मंत्री सरयू राय- केरल आपदा बेतरतीब निर्माण व विकास की होड़ का नतीजा
केरल में बाढ़ से तबाही पर मंत्री सरयू राय ने टिप्पणी की है। कहा है कि विकास की होड़ में अंधाधुंध निर्माण के कारण ऐसा हुआ है। जमशेदपुर को सबक लेना चाहिए।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : विकास की होड़ में अंधाधुंध निर्माण के कारण केरल में प्रकृति का कहर बरपा है। इससे शहरवासियों को भी सीख लेनी चाहिए। उक्त बातें खाद्य आपूर्ति मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कही। साकची स्थित बंगाल क्लब में रविवार को केरल के बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ राशि इकट्ठा करने के लिए निकलने के पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ अधिक छेड़छाड विध्वंस का कारण बन सकता है। टूरिज्म के विकास के लिए और बेतरतीब निर्माण के कारण केरल में आपदा आई है। लोगों ने समुद्री क्षेत्र का भी अतिक्रमण कर लिया। पानी निकलने वाले समतल जगहों पर भी निर्माण का जाल फैला लिया। पानी फैलने की समुचित जगह तक नहीं छोड़ी। यही कारण है कि यह विपदा आई। यह पूरे देशवासियों के लिए एक चेतावनी है।
उन्होंने अपने वेतन से केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। मंत्री सरयू राय ने रविवार को स्वयं साकची के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर राशि इकट्ठा की। सोमवार से उनके विधानसभा क्षेत्र जमशेदपुर पश्चिम के सातों मंडलों में कार्यकर्ता सहायता राशि इकट्ठा करेंगे। सहायता के लिए मिली राशि को केरल भेज दिया जाएगा। उन्होंने शहर के लोगों से भी मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में भी प्रस्ताव लाकर सभी विधायकों से केरल आपदा में सहयोग करने की अपील करेंगे।
---
शहर भी नहीं अछूता : मंत्री सरयू राय ने कहा कि शहर में भी इसी प्रकार विकास की होड़ में नियम-कानून को ताक पर रखकर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। शहर में स्वर्णरेखा-खरकई नदी के किनारे बना मेरिन ड्राइव इसका बड़ा उदाहरण है। बिष्टुपुर में बने एक मॉल के कारण सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। भारत सरकार ने वर्ष 2006 से ही दो हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र के निर्माण में पर्यावरणीय स्वीकृति की अनिवार्यता का प्रावधान कर दिया था, लेकिन ऐसा नहीं लगता है कि एक्सएलआरआइ ने भी इसकी स्वीकृति ली है। इसके अलावा शहर में कई अन्य मॉल का निर्माण जारी है। नियमों का पालन नहीं करने पर शहर में भी आपदा आए तो स्थिति भयावह होगी।
----
घूम-घूम कर जुटाई राशि : केरल में बाढ़ पीड़ितों की मदद को लेकर मंत्री सरयू राय ने साकची क्षेत्र की पदयात्रा कर लोगों व दुकानदारों से मुक्त हस्त सहयोग करने का आग्रह किया। सरयू राय के नेतृत्व में भाजपा के सैकड़ों कार्यकार्ता डोनेशन बॉक्स लेकर सहयोग राशि इकट्ठा करने के लिए बंगाल क्लब से बाटा चौक, झडा चौक, डालडा लाइन, बसंत सिनेमा चौक, रिफ्यूजी मार्केट, चक्की लाइन, शिव मंदर लाइन, मसाला पट्टी, मेडिकल लाइन होते हुए साकची गोलचक्कर तक पदयात्रा की। मंत्री के आग्रह पर सैकड़ों दुकानदारों व लोगों ने सहायता राशि जमा की। मंत्री ने बताया कि इसके बाद जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल को एक-एक डोनेशन बॉक्स दिया जाएगा जिसमें वहा के कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्र में सहायता राशि इकट्ठा करेंगे। राशि इकट्टा हो जाने पर इसे केरल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भेजा जाएगा। पदयात्रा में मंत्री के साथ मनोज सिंह, चितरंजन वर्मा, मुकुल मिश्रा, हरेंद्र पांडेय, अनिल मोदी, विकास सिंह, पप्पू सिंह सूर्यवंशी, अशोक गोयल, नीरू सिंह, संजीव मुखर्जी, एसपी सिंह, राजेश सिंह, सुरंजन राय, आशुतोष राय, चुन्नू भूमिज, अमरेंद्र पासवान, राकेश सिंह, विकास साहनी, मोहित साह, मनीष पांडेय, आनंद झा, पवन राय, विवेक पांडेय, कमल किशोर, शत्रुघ्न गिरी, राघवेंद्र सिंह, संध्या नंदी, बीरेंद्र सिंह, अभिषेक शुक्ला, अजय झा, अरविंद महतो, राजू सिंह, लक्ष्मी सिंह, प्रमिला शर्मा, सन्नी सिंह, सुनील सिंह, आकाश साह, नागेंद्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।