JSSC Teacher Recruitment: सभी जिलों से रोस्टर सत्यापित होकर शिक्षा विभाग पहुंचे, जानें आपके जिले में कितनी हैं सीटें
झारखंड के सरकारी स्कूलों में 8,502 सहायक आचार्यों की बहाली शीघ्र होगी, जिसके लिए शिक्षा विभाग ने रोस्टर सत्यापन का ...और पढ़ें

AI Generated Image.
HighLights
झारखंड में 8,502 सहायक आचार्यों की शीघ्र बहाली।
शिक्षा विभाग ने रोस्टर सत्यापन कार्य पूरा किया।
JSSC जल्द जारी करेगा नियुक्ति की अधिसूचना।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड के सरकारी स्कूलों में सहायक आचार्यों की बहाली शीघ्र होगी। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा स्वीकृत 8,502 सहायक आचार्यों (पारा शिक्षक और नियमित) के पदों पर बहाली के लिए शिक्षा विभाग ने रोस्टर सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया है।
सभी जिलों से रोस्टर को सत्यापित करने के बाद अंतिम रिपोर्ट स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंप दी गई है। विभाग द्वारा समेकित प्रस्ताव मिलते ही आयोग जल्द ही नियुक्ति की अधिसूचना जारी करेगा।
इस मेगा भर्ती अभियान के तहत प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में इंटर प्रशिक्षित और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों की नियुक्ति की जाएगी, जिसमें बैकलॉग पद भी शामिल हैं। इसमें अकेले कोल्हान प्रमंडल में 1,228 शिक्षकों की बहाली होनी है।
पदों का पूरा वर्गीकरण
कुल स्वीकृत 8,502 पदों को अलग-अलग श्रेणियों और विषयों में इस प्रकार विभाजित किया गया है:
- इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य: 2,756 पद
- स्नातक प्रशिक्षित (गणित एवं विज्ञान): 1,753 पद
- स्नातक प्रशिक्षित (भाषा): 1,887 पद
- स्नातक प्रशिक्षित (सामाजिक विज्ञान): 908 पद
आरक्षण व बैकलॉग की स्थिति: इस बहाली में दिव्यांगजनों के लिए विशेष क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था है। इसके तहत इंटर प्रशिक्षित में 847, गणित व विज्ञान में 84, भाषा में 19 और सामाजिक विज्ञान में 248 पद आरक्षित हैं। इतने ही पद बैकलॉग श्रेणी के तहत भी भरे जाएंगे।
कोल्हान प्रमंडल (जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला) की स्थिति
कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों में विषयवार बहाली के आंकड़े इस प्रकार हैं:
जिला इंटर प्रशिक्षित स्नातक (गणित व विज्ञान) स्नातक (भाषा) स्नातक (सामाजिक विज्ञान)
- पूर्वी सिंहभूम) 119 68 82 49
- पश्चिमी सिंहभूम 240 108 103 64
- सरायकेला-खरसावां 139 92 94
राज्य के अन्य प्रमुख जिलों में रिक्तियां
- पलामू प्रमंडल व अन्य: सबसे अधिक नियुक्तियों वाले जिलों में पलामू (इंटर- 151, गणित/विज्ञान- 206, भाषा- 208, सा. विज्ञान- 102) और गिरिडीह (इंटर- 209, गणित/विज्ञान- 148, भाषा- 170, सा. विज्ञान- 57) शामिल हैं।
- संताल परगना: दुमका में इंटर के 257, देवघर में 96 और साहेबगंज में 119 पदों पर बहाली होगी।
- राजधानी रांची: रांची में इंटर प्रशिक्षित के 145 और स्नातक भाषा के 100 पदों समेत अन्य विषयों पर नियुक्तियां होंगी।
रोस्टर क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी होने से अब राज्य के हजारों शिक्षक अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होने वाला है और जल्द ही JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन से संबंधित विस्तृत गाइडलाइन जारी की जाएगी।
