सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान की बनी रणनीति
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से सटे पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती नक्सल इलाकों में दोनों राज्य की पुलिस अधिक सक्रिय व सतर्क रहेगी।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से सटे पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती नक्सल इलाकों में दोनों राज्य की पुलिस अधिक सक्रिय व सतर्क रहेगी। साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिले के बंगाल सीमा पर सक्रिय एक करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश दस्ते को घेरने के हरसंभव उपाय किए जाएंगे, इसके लिए संयुक्त अभियान भी चलेगा ताकि नक्सली आत्मसमर्पण को बाध्य हो जाएं।
बुधवार को पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी अनूप बिरथरे की अध्यक्षता में झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती नक्सल प्रभावित जिलों की पुलिस की संयुक्त बैठक हुई। इसमें आसन्न चुनाव को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने को आपसी तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला, पश्चिम बंगाल के मिदनापुर, बेलपहाड़ी, झाडग़्राम, पुरुलिया, ओडिशा के बारीपदा, रायरंगपुर व मयूरभंज के सीमावर्ती इलाके में सक्रिय नक्सलियों को नेस्तनाबूद किए जाने की रणनीति पर सहमति बनी।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के एसएसपी, ग्रामीण एसपी सुभाष कुमार जाट, अपर पुलिस अधीक्षक प्रणव आनंद झा, सीआरपीएफ 193 बटालियन के कमांडेंट शिवकुमार उपाध्याय, 207 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट प्रेम प्रताप सिंह, 184 बटालियन के एस शेखर, 169 बटालियन के श्याम सुंदर, सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल के एसडीपीओ धीरेंद्र बेंका, जैप तीन के कोलेंद्र प्रसाद, पश्चिम बंगाल के झाडग़्राम के डीएसपी सुब्रत मंडल, पुरुलिया के डीएसपी अभिजीत सिन्हा महापात्रा, घाटशिला अनुमंडल के सभी थाना प्रभारी, पटमदा के प्रभारी समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए।