द मैसेंजर ऑफ गॉड फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग, भावनाओं को आहत पहुंचाने की कही बात
हाजी हिदायतुल्लाह खान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर झारखंड में पैगंबर द मैसेंजर ऑफ गॉड फिल्म के ऑफलाइन व ऑनलाइन प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
जमशेदपुर (जासं)। झारखंड मुक्ति मोर्चा अल्पसंख्यक मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष हाजी हिदायतुल्लाह खान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर झारखंड में पैगंबर द मैसेंजर ऑफ गॉड फिल्म के ऑफलाइन व ऑनलाइन प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। लिखा है कि फिल्म से सुन्नी मुसलमानों की भावना को ठेस पहुंचाने का काम किया गया है। ईरान के निर्देशक माजिद मजीदी निर्देेशित फिल्म में इस्लाम धर्म के प्रवर्तक पैगंबर मोहम्मद (स.अ.) को एक मनुष्य के रूप में चित्रित किया गया है। ऐसा कर उन्होंने सुन्नी मुसलमानों की भावना को आघात पहुंचाया है।
उन्होंने लिखा है कि जाहिरी दुनिया में पैगंबर-ए-आजम का अवतरण अल्लाह तबारक व ताला ने नूर (रोशनी) से किया है। इसलिए अमली (व्यवहारिक) तौर पर उनका साया-ए-मुबारक (परछाई) नहीं है। ऐसे में नबी का किरदार फिल्म में एक इंसान द्वारा दिखाया जाना इस्लाम के मूल धारणा के विपरीत है। मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को फिल्म के रिलीज होने से आक्रोश, विरोध, धरना-प्रर्दशन जैसे आंदोलन होने से अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार के गृहमंत्री अनिल देशमुख ही ने भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्री को पत्र भेज कर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया है।