JJ Irani Death : जेजे ईरानी ने कहा था-एमडी कोई भी हो, कल्चर टाटा का ही रहेगा
JJ Irani Death डा. ईरानी ने हमेशा कहा करते थे कि किसी कंपनी की जिंदगी भी इंसान की तरह होती है। इंसान की तरह कंपनी का जन्म होता है फिर वह बूढ़ी होती है और मर जाती है।
जमशेदपुर : टाटा स्टील के पूर्व प्रबंध निदेशक (एमडी) जेजे ईरानी ने कंपनी में हो रहे बदलाव पर कहा था कि चेयरमैन कोई भी हो कल्चर टाटा का ही रहेगा। सिद्धांत और प्रोग्राम टाटा का है। अभी टाटा स्टील के एमडी नरेंद्रन हैं, पहले ईरानी थे। कोई फर्क नहीं पड़ता। टाटा परिवार ने काम करने की जो संस्कृति है, उसी के मुताबिक सबको आगे बढ़ना होगा।
टाटा समूह में पांच लाख से अधिक लोग करते हैं काम
बता दें कि टाटा समूह में पांच लाख लोग हैं। वह कहा करते थे, टाटा समूह के किसी भी फैसले में सबकी भागीदारी होती है। साइरस मिस्त्री को जैसे ही चेयरमैन पोस्ट से हटाया गया, डॉ. ईरानी मुंबई पहुंचे। उन्होंने अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा से मुलाकात की। टाटा परिवार की सोच सबके जीवन स्तर को ऊपर उठाने और बेहतर बनाने की रही है।
जेजे ईरानी कहते थे, कंपनी का जीवन चक्र भी इंसान की तरह
डा. ईरानी ने कहा था कि किसी कंपनी की जिंदगी भी इंसान की तरह होती है। इंसान की तरह कंपनी का जन्म होता है, फिर वह बूढ़ी होती है और मर जाती है। 20 साल पहले टायो रोल्स फायदा देने वाली कंपनी थी। लगातार कई साल तक नुकसान होता रहा। शायद इसीलिए उसे बंद करने का फैसला हुआ। उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन को उत्पादन लागत कम करने की सलाह दी थी।
टाटा मोटर्स से भी था गहरा लगाव
टाटा स्टील के एमडी होने के बावजूद टाटा मोटर्स से भी उनका गहरा लगाव रहा। ईरानी ने कहा था कि टाटा मोटर्स को हिलाना किसी के लिए आसान नहीं होगा। जगुआर और लैंडरोवर भी टाटा मोटर्स का हिस्सा है। एक जमाने में सरकार ने किसी और कंपनी को अनुमति नहीं थी। यही वजह है कि टाटा मोटर्स और लीलैंड ही भारी वाहन बनाते थे। अब सबके लिए मौका है। फिर भी हैवी व्हीकल इंडस्ट्री में टाटा मोटर्स आगे बढ़ता रहेगा। विदेशों में भी प्रोडक्शन बढ़ेगा।
देश के नामचीन मेटलर्जिस्ट थे डा. ईरानी
डा. जेजे ईरानी को देश का नामचीन मेटलर्जिस्ट माना जाता है। रूसी मोदी व रतन टाटा की बीच बढ़ती खाई के बाद टाटा संस ने टाटा स्टील की कमान जेजे ईरानी को सौंपी थी। विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने टाटा स्टील को नई ऊचाईयों तक पहुंचाया। उनके निधन की खबर पाकर टाटा स्टील के सारे वरीय अधिकारी टीएमएच पहुंचे हैं। डॉ जेजे ईरानी वर्ष 2007 में वे टाटा स्टील के एमडी के पद से रिटायर हुए थे। जमशेदपुर से उनका बड़ा लगाव था।