विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jimmy Tata Story: 2BHK फ्लैट, बिना मोबाइल का जीवन और अरबों के शेयर... जानिए रतन टाटा के छोटे भाई जिम्मी की अनसुनी कहानी

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:34 PM (IST)

रतन टाटा के छोटे भाई जिम्मी नवल टाटा हजारों करोड़ की संपत्ति के मालिक होने के बावजूद बेहद सादा जीवन जीते हैं, बिना मोबाइल और निजी सचिव के।

कम लोगों को पता है कि सादगी पसंद जिम्मी को स्क्वैश खेलने का गहरा जुनून रहा है।

कम लोगों को पता है कि सादगी पसंद जिम्मी को स्क्वैश खेलने का गहरा जुनून रहा है।

HighLights

  1. हजारों करोड़ के मालिक, फिर भी जीते हैं सादा जीवन।

  2. टाटा संस में अरबों के शेयरधारक, बिना मोबाइल रहते हैं।

  3. नोएल टाटा के प्रभाव पर सवाल उठाए, चंद्रशेखरन का समर्थन।

जासं, जमशेदपुर । देश के सबसे प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने टाटा परिवार से ताल्लुक रखने और हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक होने के बावजूद दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा के सगे छोटे भाई जिम्मी नवल टाटा बेहद सादगी भरा जीवन जीते हैं।
 
86 वर्षीय जिम्मी के पास न तो कोई मोबाइल फोन है और न ही कोई निजी सचिव (PS)। मुंबई के 'बांबे हाउस' की चकाचौंध से कोसों दूर रहने वाले जिम्मी इन दिनों टाटा ट्रस्ट्स में चल रहे आंतरिक मतभेदों के बीच नोएल टाटा के बढ़ते प्रभाव पर सवाल उठाकर अचानक सुर्खियों में आ गए हैं।
 

2BHK फ्लैट से पुणे तक, बेहद शांत और एकांत जीवन 

आजीवन अविवाहित रहे जिम्मी टाटा वर्षों तक मुंबई के कोलाबा स्थित 'हैम्पटन कोर्ट' की छठी मंजिल पर एक साधारण दो बेडरूम (2BHK) के फ्लैट में रहे। 
 
वर्तमान में वे पुणे में बेहद शांत और एकांत जीवन बिता रहे हैं। वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम ही नजर आते हैं। आधुनिक तकनीक और इंटरनेट से दूर रहने वाले जिम्मी देश-दुनिया और टाटा समूह से जुड़ी खबरें आज भी अखबारों के माध्यम से ही पढ़ते हैं। 
 
उन्हें टाटा समूह से जुड़ी खबरों की कतरनें और पत्रों की फाइलें सहेजकर रखने का शौक है। मोबाइल या ईमेल का उपयोग न करने के कारण 'सर रतन टाटा ट्रस्ट' (SRTT) की बैठकों के मिनट्स और प्रस्ताव आज भी उन्हें डाक के जरिए भेजे जाते हैं।
 

स्क्वैश के शानदार खिलाड़ी, हर्ष गोयनका को देते थे मात 

कम लोगों को पता है कि सादगी पसंद जिम्मी को स्क्वैश खेलने का गहरा जुनून रहा है। आरपीजी समूह के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया पर एक बार साझा किया था कि कोलाबा के छोटे फ्लैट में रहने वाले जिम्मी कारोबार से भले ही दूर हों, लेकिन वे स्क्वैश के बेहतरीन खिलाड़ी हैं और हर मुकाबले में उन्हें हरा देते थे। 
 
गोयनका के अनुसार, वे बिल्कुल टाटा समूह के मूल्यों की तरह 'लो प्रोफाइल' रहते हैं। सार्वजनिक रूप से वे आखिरी बार अक्टूबर 2024 में बड़े भाई रतन टाटा के निधन के समय नजर आए थे।
 

बचपन से रतन से रहा गहरा लगाव 

नवल टाटा और सूनी कमिसारिएट के पुत्र रतन और जिम्मी की परवरिश माता-पिता के अलग होने के बाद उनकी दादी लेडी नवजबाई टाटा ने की थी। 
 
साल 2023 में रतन टाटा ने 1945 की एक पुरानी तस्वीर (जिसमें आठ वर्षीय रतन और पांच वर्षीय जिम्मी साथ थे) साझा करते हुए लिखा था कि उनके बीच कभी कुछ नहीं आया। 
 
रतन टाटा की वसीयत में भी जुहू स्थित पारिवारिक बंगले में हिस्सेदारी और चांदी के सामान व आभूषण जिम्मी को मिले हैं। युवावस्था में पिता के साथ कपड़ा मिलों में कुछ समय काम करने के बाद उन्होंने कभी कोई बड़ा कारोबारी पद नहीं संभाला।
 

अरबों के शेयरधारक, अब हालात देखकर तय करेंगे अगला रुख 

साधारण जीवनशैली अपनाने वाले जिम्मी के पास टाटा संस के 3,262 शेयर (करीब 0.81 प्रतिशत हिस्सेदारी) हैं, जिनका अनुमानित मूल्य 7 से 10 हजार करोड़ रुपये के बीच है। 
 
इसके अलावा टीसीएस, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, टाटा पावर और इंडियन होटल्स में भी उनकी हिस्सेदारी है। 1989 में पिता के निधन के बाद वे एसआरटीटी के आजीवन ट्रस्टी बने। 
 
हाल ही में टाटा ट्रस्ट्स के उपाध्यक्ष विजय सिंह से फोन पर हुई बातचीत और दो पन्नों के हस्ताक्षरित नोट में उन्होंने नोएल टाटा के प्रभाव पर सवाल उठाते हुए एन. चंद्रशेखरन और टाटा संस की लिस्टिंग का समर्थन किया है। 
 
उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में वे मतदान करेंगे या नहीं, यह पूरी तरह से आगामी परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।