मशीन ब्लॉक, कोहरे और हाथियों की आवाजाही के कारण ट्रेनें रद, 24 नवंबर से एक दिसंबर तक यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
चक्रधरपुर रेल मंडल के झारसुगुड़ा में विकास कार्यों, मशीन ब्लॉक, कोहरे और हाथियों की आवाजाही के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने 24 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच 10 जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया है।

रेल परिचालन नहीं होने के कारण 24 नवंबर से एक दिसंबर के बीच यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
HighLights
झारसुगुड़ा में रेल विकास कार्यों के कारण 10 जोड़ी ट्रेनें रद्द।
मशीन ब्लॉक, कोहरे और हाथियों की आवाजाही भी रद्दीकरण का कारण।
24 नवंबर से 1 दिसंबर तक यात्रियों को हो सकती है परेशानी।
जासं, जमशेदपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के झारसुगुड़ा में प्रस्तावित रेल विकास कार्यों को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे ने 10 जोड़ी ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया है।
इससे 24 नवंबर से एक दिसंबर के बीच रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। सोमवार को जारी रेल प्रशासन के आदेश के अनुसार, झारसुगुड़ा में निर्माण कार्य, मशीन ब्लॉक, कोहरे के कारण कम दृश्यता और रेलखंड में हाथियों की लगातार आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
विभिन्न ट्रेनों का परिचालन 24 नवंबर से एक दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों में प्रभावित रहेगा। रेलवे के प्रारंभिक प्रस्ताव में 13 ट्रेनों को रद करने की योजना शामिल थी, लेकिन मुख्यालय से मिली स्वीकृति में तीन ट्रेनों को रद्द करने की अनुमति नहीं दी गई।
इनमें 18109-18110 टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस, 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस और डाउन ट्रेन 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेनें अपने निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलती रहेंगी।
निर्धारित तिथियों में रद रहने वाली ट्रेनें
- 68127-68125 चाकुलिया-टाटा-बड़बिल मेमू: 24 से 29 नवंबर तक रद।
- 68126-68128 बड़बिल-टाटा-चाकुलिया मेमू: 25 से 30 नवंबर तक रद।
- 68003-68004 टाटा-गुवा-आदित्यपुर मेमू: 25 से 30 नवंबर तक रद।
- 68044-68043 राउरकेला-टाटा-राउरकेला मेमू: 25 से 30 नवंबर तक रद।
- 18109-18110 टाटानगर-इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस: 25 से 30 नवंबर तक रद।
- 68029-68030 राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला: 24 से 26 नवंबर तक रद।
- 18175 हटिया-झारसुगुड़ा: 24 व 25 नवंबर को रद।
- 18176 झारसुगुड़ा-हटिया मेमू एक्सप्रेस: 25 व 26 नवंबर को रद।
- 18113 टाटा-बिलासपुर एक्सप्रेस: 24 से 30 नवंबर तक रद।
- 18114 बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस: 25 नवंबर से एक दिसंबर तक रद।
- 18601 टाटा-हटिया एक्सप्रेस: 24 से 30 नवंबर तक रद।
- 18602 हटिया-टाटा एक्सप्रेस: 24 से 30 नवंबर तक रद।
- 68085-68086 टाटा-बरकाकाना-टाटा मेमू: 24 से 30 नवंबर तक रद।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेनों के परिचालन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।