विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather Update: रांची समेत पूरे झारखंड में 5 दिनों तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की भी चेतावनी

By Jitendra SinghEdited By: Nishant Bharti
Published: Thu, 06 Aug 2026 08:01 AM (IST)

मौसम विज्ञान केंद्र ने जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी ...और पढ़ें

झारखंड का मौसम ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

झारखंड का मौसम ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

HighLights

  1. पूरे झारखंड में 5 दिनों तक व्यापक वर्षा का अनुमान।

  2. कोल्हान क्षेत्र में 7 अगस्त से भारी बारिश का येलो अलर्ट।

  3. आकाशीय बिजली और वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में अगले पांच दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। पांच से आठ अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों (76 से 100 फीसद स्टेशनों पर) में व्यापक वर्षा का अनुमान है। 

पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और पूरे कोल्हान क्षेत्र में सात अगस्त (शुक्रवार) से भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। स्थानीय लोगों को आकाशीय बिजली और वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गुरुवार को कैसा रहेगा जमशेदपुर का मौसम

गुरुवार (छह अगस्त) को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और सरायकेला-खरसावां में सामान्य से मध्यम दर्जे की व्यापक बारिश होने की संभावना है। हालांकि, गुरुवार के लिए कोल्हान के पूर्वी हिस्से में भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी (नो वार्निंग) नहीं है। 

इसके विपरीत रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, चतरा, लातेहार और पलामू प्रमंडल के जिलों में एकाध स्थानों पर भारी बारिश (64.5 से 115.5 मिलीमीटर) को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार से रविवार तक भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता के कारण शुक्रवार (सात अगस्त) से रविवार (नौ अगस्त) सुबह तक कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश का दौर शुरू होगा। 

इन तीन दिनों में रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा सहित कोल्हान के जिलों में भारी बारिश की प्रबल संभावना है। इस दौरान आंधी और आकाशीय बिजली कड़कने की भी आशंका है, जिसे देखते हुए विभाग ने स्थानीय प्रशासन और लोगों को सावधान रहने को कहा है।

पांच दिनों का मौसम का मिजाज

पांच से आठ अगस्त: पूरे झारखंड में व्यापक रूप से बारिश होगी और अधिकांश हिस्से बादलों से घिरे रहेंगे।

आठ से नौ अगस्त (चौथा दिन): बारिश की तीव्रता में मामूली कमी आएगी, लेकिन राज्य के 51 से 75 फीसद इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

नौ से दस अगस्त (पांचवां दिन): राज्य के केवल 26 से 50 फीसद हिस्सों में छिटपुट या बिखरी हुई बारिश दर्ज की जाएगी।