मानव-हाथी संघर्ष रोकने की बड़ी तैयारी: 15 दिसंबर से कर्नाटक में ट्रेनिंग लेंगे 12 महावत, जानिए क्या होते हैं कुनकी हाथी
झारखंड में मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए वन विभाग अब कुनकी हाथियों की मदद लेगा। इसके लिए 12 महावत कर्नाटक में प्रशिक्षण लेंगे और जनवरी 2027 तक छह कुनकी हाथी राज्य में तैनात किए जाएंगे।

हाथियों के बढ़ते उत्पात और मानव-हाथी संघर्ष पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग अब कुनकी हाथियों की मदद लेने जा रहा है।
HighLights
कर्नाटक से छह कुनकी हाथी झारखंड लाए जाएंगे।
कुनकी हाथी मानव-हाथी संघर्ष रोकने में सहायक होंगे।
जासं, जमशेदपुर। झारखंड में जंगली हाथियों के बढ़ते उत्पात और मानव-हाथी संघर्ष पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग अब कुनकी हाथियों की मदद लेने जा रहा है।
कर्नाटक सरकार ने राज्य को छह कुनकी हाथी उपलब्ध कराने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए झारखंड के 12 महावतों को प्रशिक्षण के वास्ते कर्नाटक भेजा जाएगा।
ट्रेनिंग पूरी होने के बाद जनवरी 2027 में इन छह कुनकी हाथियों को विशेष वाहनों से झारखंड लाया जाएगा। मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एसआर नटेस के मुताबिक, 15 दिसंबर 2026 को 12 महावत कर्नाटक रवाना होंगे।
वहां उन्हें कुनकी हाथियों के साथ रहने, उनके व्यवहार को समझने और जंगल में जंगली हाथियों को नियंत्रित करने का एक महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
झारखंड पहुंचने के बाद छह कुनकी हाथियों में से दो दलमा, दो पलामू और दो हजारीबाग में तैनात किए जाएंगे।
क्या होते हैं कुनकी हाथी?
कुनकी हाथी कोई अलग प्रजाति नहीं है, बल्कि ये विशेष रूप से प्रशिक्षित पालतू हाथी होते हैं। इनका उपयोग जंगली हाथियों को नियंत्रित करने, उन्हें सुरक्षित रास्ते पर ले जाने और आबादी वाले इलाकों से दूर खदेड़ने में किया जाता है।
महावत जंगल में जंगली हाथियों के झुंड तक पहुंचने के लिए इनका सहारा लेते हैं। प्रशिक्षित होने के कारण ये जंगली हाथियों के व्यवहार और गतिविधियों को समझने में काफी मददगार साबित होते हैं।
बड़ी चुनौती बना मानव-हाथी संघर्ष
झारखंड में जंगली हाथियों का उत्पात लंबे समय से बड़ी चुनौती बना हुआ है। भोजन और पानी की तलाश में हाथियों के झुंड गांवों में घुसकर घरों को क्षतिग्रस्त करते हैं।
फसलें रौंद देते हैं और कई बार लोगों पर हमला भी कर देते हैं, जिससे जान-माल के नुकसान के साथ ग्रामीणों में दहशत रहती है।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2000 से 2023 के बीच झारखंड में हाथी-मानव संघर्ष में 1,340 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में हर साल औसतन 9,245 फसल नुकसान और 1,146 अनाज नुकसान की घटनाएं हाथियों के कारण होती हैं।
पूर्वी सिंहभूम भी इस संघर्ष के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में कुनकी हाथियों की तैनाती से प्रभावित इलाकों में राहत मिलने की उम्मीद है।