झारखंड में मजदूरों की नई न्यूनतम मजदूरी दरें जारी, अब क्षेत्र के हिसाब से मिलेंगे 12337 से 21656 रुपये
झारखंड सरकार ने श्रमिकों के लिए परिवर्तनशील महंगाई भत्ते सहित नई न्यूनतम मजदूरी दरें घोषित की हैं। ये दरें 1 ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
झारखंड सरकार ने श्रमिकों के लिए नई न्यूनतम मजदूरी दरें घोषित कीं।
ये संशोधित दरें 1 अक्टूबर 2026 से पूरे राज्य में प्रभावी मानी गई हैं।
संवाद सहयोगी, गम्हरिया। झारखंड सरकार द्वारा न्यूनतम मजदूरी पाने वाले श्रमिकों के लिए परिवर्तनशील महंगाई भत्ता और मजदूरी की संशोधित दरें घोषित की गई हैं। नई दरें एक अक्टूबर 2026 से प्रभावी मानी गई हैं।
श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत श्रमायुक्त कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना संख्या 2/एम डब्ल्यू -2071/2010 (पार्ट-3), एल एंड टी-1603, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के तहत यह निर्देश जारी किया गया है।
संशोधित दरों के अनुसार, क्षेत्र 'ए' में अकुशल श्रमिक की न्यूनतम मासिक मजदूरी 13,586 रुपए, अर्द्धकुशल की 14,253 रुपए, कुशल की 18,782 रुपए और अतिकुशल श्रमिक की 21,656 रुपए निर्धारित की गई है। क्षेत्र 'बी' में इन श्रेणियों की मासिक मजदूरी क्रमशः 12,947 रुपए, 13,586 रुपये, 17,911 रुपए और 20,669 रुपए होगी।
वहीं, क्षेत्र 'सी' में अकुशल श्रमिक को 12,337 रुपए, अर्द्धकुशल को 12,947 रुपए, कुशल को 17,069 रुपए तथा अतिकुशल को 19,682 रुपए मासिक न्यूनतम मजदूरी दर निर्धारित की गई है। दैनिक मजदूरी के हिसाब से क्षेत्र ए में अकुशल श्रमिक को 523 रुपए, क्षेत्र बी में 498 रुपए और क्षेत्र सी में 475 रुपए निर्धारित किए गए हैं।
अतिकुशल श्रमिकों के लिए यह दर क्रमशः 833 रुपए, 795 रुपए और 757 रुपए प्रतिदिन होंगे। सरकारी वर्गीकरण के अनुसार, क्षेत्र ए में रांची, चास, धनबाद, देवघर, हजारीबाग, मानगो और आदित्यपुर के नगर निगम क्षेत्र, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र तथा जुगसलाई नगर परिषद शामिल हैं।
क्षेत्र बी में अन्य नगरपालिका और अधिसूचित क्षेत्र आते हैं, जबकि शेष क्षेत्र क्षेत्र सी की श्रेणी में रखे गए हैं। संशोधित दरों में मूल मजदूरी के साथ परिवर्तनशील महंगाई भत्ता शामिल है। मासिक और दैनिक मजदूरी की गणना 26 कार्यदिवस के आधार पर की गई है। श्रमिकों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करना संबंधित नियोजकों की जिम्मेदारी होगी।
