प्रोन्नति के बाद नई जिम्मेदारी: अभिषेक कुमार जमशेदपुर अंचल के वन संरक्षक नियुक्त, ट्रांसफर लिस्ट जारी
झारखंड सरकार के वन विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया है। इसमें ...और पढ़ें

वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों को प्रोन्नति देने के साथ-साथ महत्वपूर्ण अंचलों और प्रमंडलों की कमान सौंपी गई है।
HighLights
झारखंड वन विभाग ने भारतीय वन सेवा अधिकारियों का तबादला किया।
अभिषेक कुमार जमशेदपुर के नए वन संरक्षक नियुक्त किए गए।
दलमा वन्यजीव अभयारण्य को आदर्श शरण नए डीएफओ मिले।
जासं, जमशेदपुर। झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला करते हुए नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी की है।
इस प्रशासनिक फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को प्रोन्नति देने के साथ-साथ महत्वपूर्ण अंचलों और प्रमंडलों की कमान सौंपी गई है।
अभिषेक कुमार बने जमशेदपुर के नए वन संरक्षक
विभागीय अधिसूचना के अनुसार, अभिषेक कुमार को प्रोन्नति देते हुए वन संरक्षक, प्रादेशिक अंचल, जमशेदपुर के पद पर पदस्थापित किया गया है। वे जमशेदपुर अंचल में वन संरक्षण से जुड़ी तमाम गतिविधियों की कमान संभालेंगे।
दलमा वन्यजीव अभयारण्य को मिले नए DFO
दलमा वन्यजीव अभयारण्य के नए डीएफओ (DFO) आदर्श शरण होंगे। उन्हें गुमला वन प्रमंडल से स्थानांतरित कर उप वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक, गज परियोजना, जमशेदपुर के पद पर नियुक्त किया गया है।
वहीं, दलमा के पूर्व DFO सबा आलम अंसारी को प्रोन्नति देकर वन संरक्षक, प्रादेशिक अंचल, रांची बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें झारखंड जैव विविधता पर्षद के प्रभारी सदस्य सचिव और वन संरक्षक (गुमला) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सारंडा, लातेहार और पोड़ाहाट में भी बदलाव
तबादले की इस कड़ी में एसआर नटेश को मुख्य वन संरक्षक (सतर्कता), झारखंड, रांची का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अविरूप सिन्हा को सारंडा वन प्रमंडल से हटाकर लातेहार का नया DFO बनाया गया है।
जबकि नितिश कुमार को पोड़ाहाट वन प्रमंडल (चाईबासा) से स्थानांतरित कर रामगढ़ वन प्रमंडल का DFO नियुक्त किया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों के स्थान पर नई नियुक्तियां हो चुकी हैं और जिन्हें फिलहाल नई पोस्टिंग नहीं मिली है, वे विभागीय मुख्यालय में अपनी योगदान रिपोर्ट सौंपेंगे।