Ranji Trophy: शुरुआती झटकों से उबरकर झारखंड ने मजबूत की स्थिति, आदित्य और अनुकूल राय की शतकीय साझेदारी
रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी में झारखंड ने ओडिशा के खिलाफ शुरुआती झटकों से उबरते हुए दूसरे दिन 258/5 का स्कोर ...और पढ़ें

आदित्य चंद्रेश सिंह अपने शतक से महज छह रन दूर हैं, जबकि विकेटकीपर रॉबिन मिंज 11 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
HighLights
झारखंड ने रणजी ट्रॉफी में ओडिशा के खिलाफ शानदार वापसी की।
आदित्य चंद्रेश सिंह 94 रन बनाकर शतक के करीब पहुंचे।
अनुकूल राय ने 89 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई।
जासं, जमशेदपुर। रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी के मुकाबले में झारखंड की टीम ने ओडिशा के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
भुवनेश्वर के केआईआईटी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक झारखंड ने पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 258 रन बना लिए हैं।
आदित्य चंद्रेश सिंह (नाबाद 94 रन) अपने शतक से महज छह रन दूर हैं, जबकि विकेटकीपर रॉबिन मिंज 11 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
मैच का पहला दिन बारिश से प्रभावित रहा था, जहां मात्र 25 ओवरों का खेल हो सका था। झारखंड की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 15 रन के स्कोर पर ही शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज आर्यमन सेन (1), शरणदीप सिंह (5) और उत्कर्ष सिंह (6) पवेलियन लौट चुके थे।
टीम पहले दिन 37/3 के संकटपूर्ण स्कोर पर थी। मंगलवार को खेल की शुरुआत करते हुए कप्तान विराट सिंह ने आदित्य चंद्रेश सिंह के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 63 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
विराट ने 143 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों की मदद से 39 रनों की संयमित पारी खेली। हालांकि, उनके आउट होने के बाद झारखंड का स्कोर 78 रन पर 4 विकेट हो गया था, जिससे टीम पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराने लगे थे।
चार विकेट जल्दी गिरने के बाद आदित्य चंद्रेश सिंह और ऑलराउंडर अनुकूल राय ने मोर्चा संभाला और ओडिशा के गेंदबाजों के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाया।
दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 284 गेंदों पर 155 रनों की शानदार साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह झारखंड के पक्ष में मोड़ दिया।
अनुकूल राय ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 140 गेंदों में 7 चौकों और 2 गगनचुंबी छक्कों की सहायता से 89 रनों की उम्दा पारी खेली।
वहीं, दूसरे छोर पर संयम का परिचय देते हुए आदित्य ने 283 गेंदों का सामना कर 8 चौकों की मदद से नाबाद 94 रन बना लिए हैं।
ओडिशा की ओर से तेज गेंदबाज राजेश मोहंती ने दो, जबकि निनाद राठवा और बादल बिसवाल ने एक-एक विकेट हासिल किया।