Diwali 2021: पूर्व मंत्री सरयू राय ने सूर्य मंदिर, तो पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने घर में जलाए दीये
सरयू की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा व सूर्य मंदिर कमेटी के सदस्यों ने सूर्य मंदिर परिसर में 3025 दीपक जलाए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एग्रिको स्थित आवास पर अपने परिवार के साथ दीपक जलाकर दीपावली मनाई।
जमशेदपुर, जासं। दीपावली पर गुरुवार को जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में दीया जलाया। इसी क्रम में सरयू की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा व सूर्य मंदिर कमेटी के सदस्यों ने सूर्य मंदिर परिसर में 3025 दीपक जलाए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एग्रिको स्थित आवास पर अपने परिवार के साथ दीपक जलाकर दीपावली मनाई।
रघुवर समर्थकों ने एक दिन पहले बुधवार को सूर्य मंदिर में दीपावली मनाई थी, जिसमें 2100 दीपक जलाए गए थे। सूरयू राय के साथ सूर्य मंदिर कमेटी के संरक्षक सह संस्थापक चंद्रगुप्त सिंह, संजीव आचार्य, भाजमो के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव समेत अन्य कार्यकर्ता-सदस्य शामिल थे।
रघुवर ने दिया वोकल फाॅर लोकल को बढ़ावा
अयोध्या की तर्ज पर सूर्य मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र को रंगबिरंगे लाइट से सजाया गया है। सभी 21 हजार दीये देसी घी से जलाए गए। इस अवसर पर रघुवर ने कहा कि जिस तरह से अयोध्या में प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन पर नगरवासियों ने दीप जलाकर अपने आराध्य राम का स्वागत किया, उसी प्रकार यहां मिट्टी के दीये जलाकर खुशी मनाई जा रही है। यह दीपावली खास है, क्योंकि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फ़ॉर लोकल' के मंत्र को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कुम्हार द्वारा निर्मित मिट्टी के दीये अधिक से अधिक प्रयोग में लाकर गरीब वर्गों की दीपावली खास बनाने की अपील की। उन्होंने राज्य व जमशेदपुर की जनता को दीपावली की शुभकामना दी।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर सूर्य मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजीव सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, गुंजन यादव, दिनेश कुमार, कुलवंत सिंह बंटी, राकेश सिंह, अमरजीत सिंह राजा, पप्पू सिंह, हेमंत सिंह, संतोष ठाकुर, पुष्पा तिर्की, ज्योति अधिकरी, नीलू झा, रूबी झा, सरस्वती साहू, सुधा यादव, पुष्पा तिर्की, जयलक्ष्मी, मिली सिंह, कुमार अभिषेक समेत अन्य उपस्थित थे।