जमशेदपुर MGM में खुलेगा आई बैंक, TMH समेत तीन अस्पतालों को मिली काॅर्निया ट्रांसप्लांट की मंजूरी
झारखंड में एमजीएम और टीएमएच समेत तीन अस्पतालों को कॉर्निया ट्रांसप्लांट की अनुमति मिली है, वहीं एमजीएम में आई बैंक ...और पढ़ें

एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर।
HighLights
एमजीएम अस्पताल में आई बैंक की स्थापना को मंजूरी।
राज्य में ही बेहतर नेत्र उपचार सुविधा मिलेगी मरीजों को।
राज्य ब्यूरो, रांची । झारखंड में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को बड़ी मजबूती मिली है। राज्य सरकार की एडवाइजरी कमेटी ने महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कालेज अस्पताल तथा टाटा मेन हास्पिटल (टीएमएच) को कार्निया ट्रांसप्लांट की अनुमति प्रदान कर दी है।
इसके साथ ही एमजीएम को आई बैंक की स्थापना एवं संचालन की भी मंजूरी मिली है। इस निर्णय से कोल्हान समेत पूर्वी झारखंड के हजारों मरीजों को राज्य के बाहर जाने की जरूरत कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
बैठक में पांच प्रस्तावों पर हुआ विचार
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में ट्रांसप्लांटेशन आफ ह्यूमन आर्गन्स (अमेंडमेंट) एक्ट, 2011 के तहत प्राप्त पांच प्रस्तावों पर विचार किया गया।
तकनीकी और कानूनी मानकों की समीक्षा के बाद तीन अस्पतालों को पांच वर्षों के लिए पंजीकरण देने का निर्णय लिया गया। बैठक में निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डा. सिद्धार्थ सान्याल, रिम्स के विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक, न्यायिक एवं सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
एमजीएम बनेगा आई बैंक का केंद्र
समिति ने एमजीएम हास्पिटल को कार्निया ट्रांसप्लांट के साथ-साथ आई बैंक की स्थापना और संचालन की अनुमति दी है। इससे नेत्रदान के माध्यम से प्राप्त कार्निया को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत होगी। चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि इससे नेत्र प्रत्यारोपण की प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी बनेगी।
टीएमएच में भी मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा
टाटा मेन हास्पिटल (टीएमएच) को भी कार्निया ट्रांसप्लांट के लिए पंजीकरण प्रदान किया गया है। इसके अलावा रांची के आइआरआइएस सुपर स्पेशियलिटी आई केयर सेंटर को भी अनुमति मिली है।
टीएमएच में यह सुविधा शुरू होने से जमशेदपुर और आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा।
दो अस्पताल मानकों पर नहीं उतरे खरे
राज्य स्तरीय समिति ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण आई हास्पिटल तथा कोडरमा रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रस्तावों को मंजूरी नहीं दी।
समिति के अनुसार इन संस्थानों में प्रशिक्षित मानव संसाधन तथा आवश्यक मशीन एवं उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध नहीं थे।
राज्य में ही मिलेगा बेहतर उपचार
बैठक के दौरान अस्पतालों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों, चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ मानव संसाधनों तथा अधिनियम के तहत निर्धारित मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण सेवाओं का विस्तार गुणवत्ता, पारदर्शिता और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा, ताकि मरीजों को राज्य में ही बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध हो सके।
