कोल्हान में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई जेटेट परीक्षा, तीन जिलों में 1 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल
झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित जेटेट परीक्षा कोल्हान के तीनों जिलों में कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

पूर्वी सिंहभूम में 57,133 सहित कुल 1 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा में भाग लिया।
HighLights
जेटेट परीक्षा कोल्हान के तीनों जिलों में आयोजित।
कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच संपन्न।
पूर्वी सिंहभूम में 57,133 परीक्षार्थी शामिल हुए।
जासं, जमशेदपुर। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) रविवार को कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच शुरू हो गई।
कोल्हान के तीनों जिलों पूर्वीसिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है।
पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले में बनाए गए 93 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों को मिलाकर कुल 57,133 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
सुबह 9:30 बजे पहली पाली (उच्च प्राथमिक स्तर, कक्षा 6 से 8) की परीक्षा शुरू होने के साथ ही केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा आयोजित की जा रही है।
सुबह सात बजे से ही केंद्रों पर लगी कतारें
परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में भारी उत्साह देखा गया। शहर के प्रमुख केंद्रों को-ऑपरेटिव कॉलेज, वर्कर्स कॉलेज, ग्रेजुएट कॉलेज फॉर विमेन और एलबीएसएम कॉलेज के बाहर सुबह सात बजे से ही परीक्षार्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
घाटशिला, बहरागोड़ा, पोटका और अन्य ग्रामीण इलाकों से आए अभ्यर्थी समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। दंडाधिकारियों और पुलिस बल की निगरानी में प्रवेश पत्र, फोटो पहचान पत्र की जांच और सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी और ब्लूटूथ जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। कई वर्षों के अंतराल के बाद हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में अपनी तैयारी को लेकर काफी उम्मीदें और उत्साह नजर आया।
कदाचारमुक्त और पारदर्शी माहौल सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। इस दौरान उड़नदस्ता दल और जोनल दंडाधिकारी लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे।
- पूर्वी सिंहभूम: जमशेदपुर और घाटशिला समेत विभिन्न प्रखंडों में बनाए गए 93 केंद्रों पर 57,133 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
- पश्चिमी सिंहभूम: चाईबासा और चक्रधरपुर को मिलाकर कुल 29 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें अकेले चक्रधरपुर के 11 केंद्रों पर 6,500 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।
- सरायकेला-खरसावां: सरायकेला और आदित्यपुर शहरी क्षेत्र समेत कुल 30 केंद्रों पर 17,533 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई है।
प्रशासन के पुख्ता इंतजामों और बायोमीट्रिक हाजिरी जैसी सख्त व्यवस्थाओं के कारण पूरी प्रक्रिया सुचारू और अनुशासित ढंग से आगे बढ़ रही है।