चांडिल में जेटेट की प्रशासनिक तैयारी पूरी: 1,876 परीक्षार्थी लेंगे हिस्सा, रुकने के लिए दो पंचायत भवन किए गए चिह्नित
चांडिल अनुमंडल में 1 नवंबर को होने वाली जेटेट परीक्षा की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं, जिसमें कुल 1876 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

बाहर से आने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए दो पंचायत भवनों में ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
HighLights
चांडिल में जेटेट परीक्षा की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी।
कुल 1876 परीक्षार्थी चार केंद्रों पर देंगे परीक्षा।
बाहर से आने वालों के लिए दो पंचायत भवन चिह्नित।
जागरण संवाददाता, चांडिल। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को लेकर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एक नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए अनुमंडल क्षेत्र में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर दोनों पालियों को मिलाकर कुल 1876 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें प्रथम पाली में 1186 और द्वितीय पाली में 690 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
निर्धारित परीक्षा केंद्रों में होली क्रॉस स्कूल, बेरादा; उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, बानसा; एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, चांडिल और उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चैनपुर शामिल हैं।
एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, चांडिल में सर्वाधिक 625 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं, होली क्रॉस स्कूल, बेरादा और उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, बानसा में 405-405 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई है।
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चैनपुर में 441 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
दो पंचायत भवनों में ठहरेंगे बाहर से आने वाले परीक्षार्थी
परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे क्षेत्रों से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए उनके ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
इसके लिए चांडिल प्रखंड के पंचायत भवन चावलीबासा और पंचायत भवन रसुनिया को चिह्नित किया गया है। दोनों पंचायत भवनों के सभागार को परीक्षार्थियों के ठहराव के लिए तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
व्यवस्था के सुचारू संचालन और परीक्षार्थियों की सहायता के लिए दोनों पंचायत भवनों में दो पालियों में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पहली पाली में दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक और दूसरी पाली में रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक कर्मी तैनात रहेंगे।
प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।