विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JDU कोल्हान प्रमंडलीय बैठक: बिहार की तर्ज पर हो झारखंड का विकास, प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने दिया जीत का मंत्र

By Ch Rao Edited By: Sanjeev Kumar
Published: Tue, 26 May 2026 11:34 PM (IST)

जमशेदपुर में जदयू की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक हुई, जिसका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों की रणनीति बनाना ...और पढ़ें

बिष्टुपुर स्थित लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर सभागार में आयोजित कोल्हान प्रमंडलीय बैठक में मौजूद जदयू नेता।

बिष्टुपुर स्थित लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर सभागार में आयोजित कोल्हान प्रमंडलीय बैठक में मौजूद जदयू नेता।

HighLights

  1. संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया गया।

  2. प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।

  3. विधायक सरयू राय ने अपराध, पीएम आवास पर प्रशासन को घेरा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जनता दल यूनाइटेड (जदयू), पूर्वी सिंहभूम द्वारा बिष्टुपुर स्थित लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर सभागार में कोल्हान प्रमंडलीय बैठक का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना, जनसरोकार के मुद्दों को उठाना और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर रणनीति तैयार करना था। 
 
कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों से भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। बैठक की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने की, जबकि मंच का संचालन महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया। 
 

वार्ड स्तर तक बढ़ाएं संगठन का दायरा: खीरू महतो 

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। उन्होंने कहा कि कोल्हान प्रमंडल में पार्टी का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, जो बेहद उत्साहवर्धक है।

खीरू महतो ने कहा क‍ि संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी अपने राजनीतिक लक्ष्यों के उतनी ही करीब पहुंचेगी। सभी कार्यकर्ता अभी से वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार करने में जुट जाएं। 
 
उन्‍होने कहा क‍ि भावी उम्मीदवारों को अपने क्षेत्रों में तैयारी तेज कर देनी चाहिए। जब कार्यकर्ता आगे बढ़कर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे और गलत कार्यों का खुलकर विरोध करेंगे, तभी लोग स्वतः पार्टी से जुड़ेंगे।
 

अपराध और पीएम आवास के मुद्दे पर विधायक सरयू राय की चेतावनी 

क्षेत्र के वरिष्ठ नेता और विधायक सरयू राय ने कहा कि नेतृत्व की हर कमी को समय रहते दूर किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जनता के बीच जाएं, उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं को सुनें और संबंधित अधिकारियों से मिलकर उनका समाधान करवाएं।

विधायक सरयू राय ने स्थानीय मुद्दों पर प्रशासन को घेरते हुए कहा क‍ि जमशेदपुर में इन दिनों चोरी, छिनतई, अवैध शराब की बिक्री और अन्य आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिन पर प्रशासन के साथ मिलकर जल्द नकेल कसी जाएगी।

उन्‍होंने कहा क‍ि बिरसानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट्स बनकर तैयार हैं, लेकिन अब तक गरीब लाभुकों को उनकी चाबी नहीं सौंपी गई है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और पीएम आवास के लाभार्थियों को जल्द चाबी नहीं मिली, तो जदयू जनहित में सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगी। 
 

बिहार के विकास मॉडल को झारखंड में दोहराने की जरूरत 

झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने कहा कि कर्म से ही किसी व्यक्ति और दल की पहचान बनती है। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों के कारण आज बिहार की सूरत बदली है। 
 
उन्होंने कहा कि झारखंड को भी उसी तर्ज पर विकास की राह पर ले जाने की जरूरत है, जिसके लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव से पहले ही पूरी ताकत झोंक देनी होगी।