स्वच्छ सर्वेक्षण में जमशेदपुर का जलवा बरकरार: 98% घरों से डोर-टू-डोर कलेक्शन, जानिए कैसे लगातार अव्वल बना शहर
जमशेदपुर की स्वच्छ सर्वेक्षण में लगातार सफलता JNAC और टाटा स्टील UISEL के मजबूत PPP मॉडल का परिणाम है, जिसमें आधुनिक तकनीक से कचरा प्रबंधन किया जाता है।

झारखंड का पहला वॉटर प्लस शहर होने का तमगा यह साबित करता है कि शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पूरे देश के लिए एक मिसाल बन चुकी है।
HighLights
JNAC और टाटा स्टील UISEL का मजबूत PPP मॉडल।
गैर-कंपनी बस्तियों में कचरा प्रबंधन सुधार की दरकार।
जासं, जमशेदपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण के राष्ट्रीय फलक पर जमशेदपुर का लगातार दबदबा कायम रहना कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील UISEL) के बीच मजबूत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल की ताकत है।
वर्ष 2019 से लगातार झारखंड में सिरमौर बनी रहने वाली लौहनगरी ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी धाक जमाई रखी है। फाइव-स्टार गारबेज फ्री सिटी (GFC), ओडीएफ प्लस-प्लस और राज्य का पहला 'वॉटर प्लस' शहर होने का तमगा यह साबित करता है कि शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पूरे देश के लिए एक मिसाल बन चुकी है।
आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक कचरा निस्तारण का कमाल
शहर को देश की अग्रणी कतार में खड़ा करने के पीछे टाटा स्टील यूटिलिटीज की वैज्ञानिक कार्यप्रणाली सबसे बड़ी ताकत बनी।
शहर के 98 प्रतिशत से अधिक घरों में जीपीएस (GPS) और आरएफआईडी (RFID) तकनीक से लैस वाहनों के जरिए रोजाना शत-प्रतिशत कचरा उठाव सुनिश्चित किया गया।
घरों से ही सूखा, गीला और घरेलू हानिकारक कचरा अलग-अलग संग्रह करने में जमशेदपुर को 90 फीसदी से अधिक अंक मिले।
कंपनी ने मटीरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF), अत्याधुनिक बायो-मीथेनेशन प्लांट और कम्पोस्टिंग के जरिए कचरे का ऐसा पुनर्चक्रण किया कि लैंडफिल में जाने वाले कचरे की मात्रा 70 फीसदी तक घट गई।
इसके अलावा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से शोधित पानी का पार्कों, उद्योगों और हरियाली के लिए दोबारा इस्तेमाल कर शहर ने जल संरक्षण के क्षेत्र में 'वॉटर प्लस' का गौरव बरकरार रखा।
गैर-कंपनी बस्तियों में सुधार की दरकार
इस शानदार राष्ट्रीय उपलब्धि के बीच शहर के सामने कुछ धरातलीय चुनौतियां भी हैं। सर्वेक्षण के अंकों के विश्लेषण से साफ है कि कंपनी कमांड क्षेत्र में जहां व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
वहीं गैर-कंपनी बस्तियों और परिधीय इलाकों में कचरा उठाव की नियमितता कुछ कमजोर पाई गई।
इसके साथ ही साकची और बिष्टुपुर जैसे घने व्यावसायिक बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों की लगातार सफाई और सड़कों पर लावारिस मवेशियों व आवारा कुत्तों के बढ़ते मामलों ने आम नागरिक फीडबैक को थोड़ा प्रभावित किया।
जानकारों का मानना है कि यदि जेएनएसी और टाटा स्टील मिलकर बाहरी बस्तियों में भी कंपनी जैसी ही मुकम्मल व्यवस्था लागू कर दें, तो जमशेदपुर देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनने की पूरी क्षमता रखता है।