जिस बेटे की शादी के सजाने थे सपने, उसके अंतिम संस्कार की तैयारी: मां के पारण के बाद टूटेगा दुखों का पहाड़
जमशेदपुर के विनय कुमार राय की वियतनाम में सड़क दुर्घटना में दुखद मौत हो गई है। उनकी मां जिउतिया का ...और पढ़ें

रमेश राय ने बड़े अरमानों से बेटे को दो साल पहले उसे वियतनाम भेजा था कि इकलौता बेटा बुढ़ापे की लाठी बनेगा।
HighLights
विनय राय की वियतनाम में सड़क दुर्घटना में दुखद मौत।
मां जिउतिया का व्रत रखे, बेटे के निधन से अनजान।
विदेश मंत्रालय की मदद से शव जमशेदपुर लाया गया।
जासं, जमशेदपुर । इस संसार में सबसे भारी बोझ पिता के कंधों पर उसके युवा बेटे का शव होता है- ईश्वर यह दुख किसी को न दे। ऐसा ही हृदयविदारक हादसा जमशेदपुर के कदमा, शास्त्रीनगर (ब्लॉक नंबर-4) निवासी रमेश राय के परिवार पर टूटा है।
रमेश राय ने बड़े अरमानों से बेटे को पढ़ाकर योग प्रशिक्षक बनाया था। दो साल पहले उसे वियतनाम भेजा था कि इकलौता बेटा बुढ़ापे की लाठी बनेगा।
वहीं, घर में मां लगन देवी ने बेटे की लंबी उम्र और सलामती के लिए निर्जला जिउतिया व्रत रखा है और अखंड दीप जलाया है। लेकिन, मां इस भयानक त्रासदी से पूरी तरह बेखबर है।
वियतनाम में कार्यरत विनय कुमार राय की बीते 25 सितंबर को सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई थी। शनिवार को उसका पार्थिव शरीर जमशेदपुर पहुंच गया, जिसे फिलहाल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के शीतगृह में रखा गया है।
पारण के बाद मां को मिलेगी बेटे के जाने की खबर
पिता रमेश राय ने अत्यंत भावुक होकर बताया कि सड़क दुर्घटना में उनके इकलौते बेटे के निधन की जानकारी फिलहाल परिवार में किसी को नहीं दी गई है।
घर में विनय की मां, दादा और दादी हैं। मां लगन देवी ने बेटे की रक्षा के लिए जिउतिया का उपवास रखा है। रविवार सुबह जब वह पारण कर व्रत पूरा करेंगी, उसके बाद ही उन्हें यह दुखों का पहाड़ टूटने की जानकारी दी जाएगी।
रविवार सुबह 10 बजे टीएमएच से शव शास्त्रीनगर स्थित आवास लाया जाएगा। इसके बाद बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर विनय का अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
कुंभ में पूरे परिवार को कराया था स्नान
पिता ने बताया कि विनय दो साल पहले योग शिक्षक के रूप में वियतनाम गया था। वहां से लौटने के बाद वह प्रयागराज कुंभ मेले में शामिल होने भारत आया था, जहां उसने अपने खर्च पर पूरे परिवार को कुंभ स्नान कराया था।
इस बार जब वह वापस आता, तो उसकी शादी की बात पक्की करने का विचार था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
विदेश मंत्रालय की मदद से भारत लाया गया शव
25 सितंबर को वियतनाम में हुए हादसे में जमशेदपुर के विनय राय और रांची के राजा कुमार दोनों की मौत हो गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजनों ने भाजपा नेताओं से गुहार लगाई।
इसके बाद केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ की पहल पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने तत्परता दिखाई। विदेश मंत्रालय के प्रयासों से शनिवार दोपहर विनय का शव कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरा, जहां से एंबुलेंस द्वारा उसे टीएमएच जमशेदपुर लाया गया।
पिता ने कहा कि वियतनाम स्थित कंपनी से इंश्योरेंस या किसी अन्य आर्थिक मदद को लेकर अब तक कोई स्पष्ट बात नहीं हुई है। परिजनों ने केवल इतना आग्रह किया है कि वियतनाम में छूटे बेटे के सामान को वहीं किसी जरूरतमंद व्यक्ति या गरीब के बीच वितरित कर दिया जाए।
