जमशेदपुर में सनसनी: जुए के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, पूजा पंडाल के पास दहशत
जमशेदपुर के गम्हरिया में सोमवार देर शाम पूजा पंडाल के पास जुए के विवाद में सोनू कुमार नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल सोनू को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां जांचोपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
HighLights
गम्हरिया में पूजा पंडाल के पास युवक की हत्या।
जुए के विवाद में सोनू कुमार को गोली मारी गई।
पुलिस आरोपी विशाल सिंह की तलाश में जुटी।
संवाद सहयोगी, गम्हरिया। आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया के सातवाहिनी, जुलुमटांड़ में सोमवार की देर शाम पूजा पंडाल के समीप गोली मारकर सोनू कुमार नामक युवक की हत्या कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल सोनू को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां जांचोपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि घटनास्थल के समीप जुआ खेला जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने के बाद एक युवक द्वारा गोली चला दी गई जो सोनू को लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजनी कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल पर पुलिस को ताश की गड्डियां बिखरी मिली हैं।
विशाल सिंह नामक युवक पर सोनू को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हालांकि वारदात की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच जारी है। घटना के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के भाई से भी घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।