विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पर्यटक वीजा पर रूस गए जमशेदपुर के युवक को पुलिस ने लिया था हिरासत में, जानिए कैसे हुई सुरक्षित वापसी

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:25 AM (IST)

जमशेदपुर के मनीष साहू रूस में एक महीने हिरासत में रहने के बाद झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय दूतावास के समन्वय से सुरक्षित घर लौट आए। 

रूस में करीब एक महीने तक हिरासत में रहने के बाद जमशेदपुर निवासी मनीष साहू सुरक्षित अपने घर लौट आए।

रूस में करीब एक महीने तक हिरासत में रहने के बाद जमशेदपुर निवासी मनीष साहू सुरक्षित अपने घर लौट आए।

HighLights

  1. मनीष साहू रूस में एक महीने हिरासत में रहे।

  2. झारखंड प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने वापसी में मदद की।

  3. पर्यटक वीजा पर गए मनीष पर जुर्माना लगा था।

जासं, जमशेदपुर। रूस के येकातेरिनबर्ग शहर में करीब एक महीने तक हिरासत में रहने के बाद परसुडीह स्थित सोको कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय मनीष साहू शुक्रवार को सुरक्षित अपने घर लौट आए। 
 
झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय दूतावास के सक्रिय समन्वय के बाद उनकी स्वदेश वापसी संभव हो सकी। वे 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे और अगले दिन ट्रेन के माध्यम से जमशेदपुर लौटे। बेटे को सुरक्षित देखकर परिवार ने राहत की सांस ली है।
 

27 अक्टूबर को टूटा था संपर्क, मां ने लगाई थी गुहार 

सोको कॉलोनी के साईं मंदिर क्षेत्र निवासी मनीष साहू बीते छह अक्टूबर को पर्यटक वीजा पर रूस गए थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन 27 अक्टूबर के बाद अचानक परिवार से उनका संपर्क टूट गया। 
 
अनहोनी की आशंका से घबराई उनकी मां नीलम साहू ने झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कर मदद की गुहार लगाई। 
 
बाद में संपर्क होने पर मनीष ने विभाग को स्थानीय पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने, कथित दुर्व्यवहार और दबाव बनाए जाने की जानकारी दी। हालांकि, विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि इन आरोपों का स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं हो सका है।
 

जुर्माना भरने के बाद ताशकंद के रास्ते हुई वापसी 

मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 अक्टूबर को राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स (रांची) और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर सहायता मांगी। 
 
क्षेत्राधिकार के आधार पर दो नवंबर को यह मामला येकातेरिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास को स्थानांतरित किया गया। 
 
तीन नवंबर को दूतावास के अधिकारियों ने 'प्रोयेज्द गोर्निस्तोव-15' स्थित अस्थायी डिटेंशन सेंटर पहुंचकर मनीष को कांसुलर सहायता प्रदान की और उनके स्वास्थ्य को सामान्य पाया। 
 
प्रशासनिक मामले की सुनवाई के बाद उन पर चार हजार रूसी रूबल का जुर्माना लगाया गया और देश छोड़ने का आदेश जारी हुआ। नौ नवंबर को न्यायिक मंजूरी मिलने के बाद वे 25 नवंबर को ताशकंद होते हुए भारत के लिए रवाना हुए।
 

प्रवासियों के लिए संजीवनी बना नियंत्रण कक्ष 

उल्लेखनीय है कि मार्च 2020 में कोविड लॉकडाउन के दौरान स्थापित किया गया झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष आज विदेश में फंसे राज्य के नागरिकों के लिए बड़ा सहारा बन चुका है। 
 
इससे पूर्व कैमरून में फंसे श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के साथ ही 14 नवंबर को ओमान में छह महीने से फंसी लोहरदगा की सुषमा टोप्पो को भी स्वदेश लाया गया था। 
 
विभाग ने विदेश जाने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व वैध वीजा और अनुबंध की भली-भांति जांच करें तथा पासपोर्ट जब्ती व वीजा नियमों के उल्लंघन से सतर्क रहें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।