जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र इस्लामनगर बस्ती से सटे खरकई नदी के किनारे चार बदमाशों ने रविवार रात 8.30 बजे जाहिद हुसैन अंसारी के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे गोली मार दी।

इस घटना में गोली उसके बाएं पैर की जांघ में जाकर फंस गई। घायल को टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना रविवार देर रात की है। सूचना पर जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।

घायल के पिता बबलू अंसारी पूर्व में स्क्रैप का काम करते थे। उन्होंने बताया कि बेटा फाल्स सिलिंग का काम करता है। रविवार शाम छह बजे बेटा घर पर आया। वह नदी किनारे अपने दोस्तों के साथ गया था।

जमीन पर गिराकर चलाई गोली

वहां मानगो का माजिद, जुगसलाई इस्लामनगर का अरमान, सदाब और राज पहले से थे। सभी ने बेटे को घेर लिया और मारपीट करने लगे। इसके बाद जमीन पर गिराकर गोली चला दी, जो कि अरमान ने चलाई।

ब्राउन शुगर को लेकर हुआ विवाद

माजिद पहले जुगसलाई में ही रहता था, उसकी जुगसलाई रेलवे फाटक के पास पुराने टायर की दुकान है। कुछ दिन पहले बेटे से आरोपितों ने ब्राउन शुगर के सेवन के लिए पैसे की मांग की थी, जिसको लेकर बेटे से विवाद हुआ था।

कथित तौर पर इसी का बदला लेने के लिए रविवार को साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया। फायरिंग करने वालों की गतिविधि आपराधिक रही है।

Edited By: Yashodhan Sharma