जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के शिक्षक डॉ. सुशील कुमार तिवारी ने मैक्सिको में दिया व्याख्यान Jamshedpur News
डॉ सुशील कुमार तिवारी ने कहा कि भारत की संस्कृति बहुलतावादी है। यह स्थिति भारत को सांस्कृतिक रूप से दूसरों के प्रति सहज बनाती है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के हिस्से एक और उपलब्धि दर्ज हुई है। वीमेंस कॉलेज के एमएड विभाग के सह प्राध्यापक डॉ सुशील कुमार तिवारी ने विगत ऐन इन्वेस्टीगेशन इन टू कैरेक्टर एडुकेशन थ्रू मल्टीकल्चरल टीचिंग विषय पर मैक्सिको में हुए अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में बीज वक्तव्य दिया।
विभिन्न देशों से आये हुए प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति बहुलतावादी है। यह स्थिति भारत को सांस्कृतिक रूप से दूसरों के प्रति सहज बनाती है।
शिक्षण में भारत की विशिष्टता को अपनाने का दिया सुझाव
अपने वक्तव्य के दौरान डॉ सुशील कुमार तिवारी ने कहा कि भारत की बहुलतावादी संस्कृति व्यापकता प्रदान करती है। शिक्षण में भारत की इस विशिष्टता को एक प्रभावशाली मॉड्यूल के रूप में अपनाया जा सकता है।
प्राचार्या ने दी बधाई
प्राचार्या डॉ नूतन चंद्रा ने डॉ सुशील को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करके उन्होंने कॉलेज, विश्वविद्यालय और राज्य को गौरवान्वित किया है। काॅलेज का शिक्षा संकाय लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि खेलकूद से लेकर शिक्षण में यह पॉयनियर संस्थान के रूप में उभर रहा है। विभाग की अंतिम वर्ष की कई छात्राओं ने यूजीसी नेट की परीक्षा पास कर ली है। कई एमएड पूरा करते ही बीएड कॉलेजों में बतौर सहायक प्राध्यापक सेवा दे रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि काॅलेज अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देता रहेगा ताकि यहां की छात्राएं कॅरियर और जीवन में आगे बढ़ती रहें।