जमशेदपुर मेडिकल एडमिशन फ्रॉड: NEET-UG में सीट दिलाने का भरोसा देकर साढ़े तीन लाख हड़पे, रुपए मांगने पर दी धमकी
जमशेदपुर की एक महिला से नीट-यूजी काउंसलिंग के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी की गई है। रांची ...और पढ़ें

पीड़िता की शिकायत पर साकची थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
HighLights
नीट-यूजी काउंसलिंग के नाम पर ठगी।
जमशेदपुर की महिला से साढ़े तीन लाख हड़पे।
रांची के कोचिंग संचालक पर आरोप, एफआईआर दर्ज।
जासं, जमशेदपुर। नीट (NEET-UG) काउंसलिंग के जरिए मेडिकल सीट दिलाने के नाम पर जमशेदपुर की एक महिला से 3.50 लाख रुपये की ठगी कर ली है।
शहर के धतकीडीह (बी ब्लॉक, लाइन नंबर 1) निवासी और डॉ. केएस निजामी की पत्नी निगार अख्तर ने रांची के एमआई एजुकेशन सर्विसेज नामक कोचिंग संस्थान के संचालक शशिभूषण कुमार पर यह आरोप लगाया है।
पीड़िता की शिकायत पर साकची थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
काउंसलिंग में सफलता का दिया था झांसा
पीड़िता निगार अख्तर के अनुसार, वह अपनी बेटी का दाखिला मेडिकल कॉलेज में कराकर उसे डॉक्टर बनाना चाहती थीं। इसी दौरान उनका संपर्क रांची के कोचिंग संचालक शशिभूषण कुमार से हुआ।
आरोपी ने पीड़िता को पूरा भरोसा दिलाया कि वह नीट यूजी की काउंसलिंग प्रक्रिया में उनकी बेटी की मदद करेगा और उसे निश्चित सफलता दिलाएगा।
रुपये मांगने पर दी अंजाम भुगतने की धमकी
आरोपी के इस आश्वासन पर पीड़िता ने 27 जुलाई 2025 को उसे 3.50 लाख रुपये दे दिए। जब काउंसलिंग का परिणाम आया तो पीड़िता की बेटी को सफलता नहीं मिली।
इसके बाद जब महिला ने आरोपी से अपने दिए हुए रुपये वापस मांगे, तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। आरोप है कि बाद में शशिभूषण ने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया और महिला को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
धमकियों से डरे बिना निगार अख्तर ने साकची थाने पहुंचकर पुलिस में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। साकची थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।