Jamshedpur Weather Update: 9 अक्टूबर तक अलर्ट जारी, साकची-मानगो में झमाझम बारिश, जानिए पूजा के दौरान कैसा रहेगा मौसम
जमशेदपुर में मंगलवार को मौसम ने करवट ली, जहां मानगो और साकची में तेज बारिश हुई, जबकि बिष्टुपुर, टेल्को और आदित्यपुर में हल्की बौछारें पड़ीं।

मानगो और साकची में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि बिष्टुपुर, टेल्को और आदित्यपुर में तेज आंधी के साथ हल्की बौछारें पड़ीं।
HighLights
जमशेदपुर में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर तक जमशेदपुर में येलो अलर्ट जारी किया।
जासं, जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में मंगलवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। सुबह से ही आसमान में धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली।
शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। मानगो और साकची में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि बिष्टुपुर, टेल्को और आदित्यपुर में तेज आंधी के साथ हल्की बौछारें पड़ीं।
9 अक्टूबर तक जारी रहेगा येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक शहर में मौसम का रुख ऐसा ही बना रहेगा। बुधवार को भी हल्की बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र ने स्थिति को देखते हुए 9 अक्टूबर तक शहर में येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूजा समितियों और श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता
शहर में दुर्गा पूजा की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। ऐसे में ऐन त्योहार से ठीक पहले बारिश की संभावना ने पूजा आयोजकों और दर्शनार्थियों की चिंता बढ़ा दी है।
पूजा समितियों को डर है कि यदि पूजा के दिनों में बारिश होती है तो भव्य पूजा पंडालों, विद्युत सजावट और मेले के आयोजनों पर इसका विपरीत असर पड़ सकता है।
हालांकि, पूजा के मुख्य दिनों के दौरान मौसम का अंतिम रुख क्या रहेगा, इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
