Jamshedpur Weather News : जमशेदपुर में जोरदार आंधी-बारिश से आधे घंटे तक ठहरा शहर, तीन दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
Jamshedpur Weather News हवा की रफ्तार व बारिश इतनी तेज है कि पूरे जमशेदपुर आधे घंटे तक ठहर गया है। जो जहां पर है वहीं खड़ा है। इधर जगह-जगह पर पेड़ की डालियां टूट कर गिर गई है। इससे लोगों को परेशानी हुई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर व उसके आस-पास के क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हो रही है। हवा की रफ्तार व बारिश इतनी तेज है कि पूरे जमशेदपुर ठहर गया है। जो जहां पर है वहीं खड़ा है। इधर, जगह-जगह पर पेड़ की डालियां टूट कर गिर गई है। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोनारी-कदमा क्षेत्र में कई जगहों पर पेड़ की डालियां टूट कर गिर गई है। इससे लोगों को दूसरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, आदित्यपुर व गम्हरिया क्षेत्र में भी पेड़ की डालियां टूटकर सड़कों पर पड़ी हुई है।
पानी का हुआ जमाव, लोगों को हुई परेशानी
साथ ही जगह-जगह पर पानी का जमाव हो गया है। हालांकि, बारिश व आंधी को लेकर भारतीय मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया था। इस दौरान लोगों को सतर्क व सावधान किया गया था। साथ ही सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और पेड़ के नीचे नहीं जाने की सलाह दी गई थी। बताया जा रहा है कि हवा की रफ्तार 60 कि.मी प्रति घंटे की रफ्तार से थी।
अगले तीन दिन बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन यानी 30 मई तक शहर में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.4 व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। वहीं, शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री
सेल्सियस रहने की संभावना है।
जमशेदपुर की गुल हुई बिजली
जमशेदपुर में जोरदार बारिश व आंधी होने से बिजली गुल हो गई है। जुस्को की ओर से भी बिजली काटी गई है। ताकि कोई अनहोनी नहीं हो। वहीं, कई जगहों पर बिजली के तार भी टूटकर गिर गया है। उससे बनाने में थोड़ा समय लगेगा। उसके बाद ही बिजली बहाल हो सकेगी।