विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर हादसा: दोनों दोस्त साथ पढ़े, साथ चले और अंतिम सफर भी साथ; दो दिन बाद था सार्थक का जन्मदिन

Published: Fri, 25 Sep 2026 07:16 PM (IST)

जमशेदपुर में एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कार्मेल जूनियर कॉलेज के छात्र सार्थक अग्रवाल और नमन गुप्ता का ...और पढ़ें

दो दोस्तों की चिता एक साथ जली तो छलक पड़े आंसू।

दो दोस्तों की चिता एक साथ जली तो छलक पड़े आंसू।

HighLights

  1. सड़क हादसे में कार्मेल जूनियर कॉलेज के दो छात्रों की मौत।

  2. सार्थक और नमन का पार्वती घाट पर एक साथ अंतिम संस्कार।

  3. सार्थक का जन्मदिन दो दिन बाद था, परिवार में मातम।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गुरुवार तड़के सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कार्मेल जूनियर कालेज, सोनारी के विद्यार्थी सार्थक अग्रवाल और नमन गुप्ता का शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। दोनों दोस्तों की चिताएं अगल-बगल एक साथ जलीं तो घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। दोनों परिवारों का विलाप पूरे माहौल को गमगीन कर रहा था।

सोनारी निवासी सार्थक और बिष्टुपुर निवासी नमन के परिजनों के लिए शुक्रवार की सुबह कभी न भूलने वाली बन गई। सुबह आठ बजे से ही सार्थक के घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का जुटना शुरू हो गया था। मां मोनिका और दादी का रो-रोकर बुरा हाल था।

छोटा भाई भी भाई को याद कर बिलख रहा था। परिजनों के अनुसार, सार्थक अपनी इलेक्ट्रिक बाइक से ट्यूशन जाया करता था। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

tata parents

एक-दूसरे को गले लगाकर रोए दोनों पिता

अंतिम संस्कार के लिए दोनों परिवार बारिश के बीच सुबह करीब साढ़े नौ बजे पार्वती घाट पहुंचे। वहां सार्थक के पिता चेतन अग्रवाल और नमन के पिता राजीव गुप्ता एक-दूसरे को गले लगाकर रो पड़े। दोनों परिवारों का दर्द उस समय और गहरा हो गया, जब दोनों दोस्तों की चिताएं एक साथ सजाई गईं। सार्थक के पिता काफी देर तक बेटे की चिता की ओर देखते रहे।

परिचित जब उन्हें ढांढस देने पहुंचे तो बेटे को याद कर उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। परिजनों के अनुसार, सार्थक का जन्मदिन भी दो दिन बाद था। जन्मदिन से पहले ही घर में मातम छा गया। दोनों के परिजनों ने अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

इस दौरान घाट पर मौजूद हर व्यक्ति भावुक नजर आया। अंत्येष्टि में सुरेश सोंथालिया, सुबोध श्रीवास्तव, मुकेश मित्तल, चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अंशुल रिंगसिया, वाणिज्यकर अधिवक्ता संघ के महासचिव दिलीप कुमार, सतीश सिंह, राजेश मित्तल समेत शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस हादसे ने दोनों परिवारों के साथ पूरे शहर को शोक में डुबो दिया।

jamshedpur sarthak

जमशेदपुर में शोक की लहर।

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर हादसा: चार मेधावी छात्रों की मौत पर कार्मेल जूनियर कॉलेज में शोक, रांची में होगा मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी तृषा का अंतिम संस्कार