जमशेदपुर में यातायात नियमों की अनदेखी पर सख्ती: 210 लाइसेंस रद, उपायुक्त ने दिए सड़क सुरक्षा के कड़े निर्देश
जमशेदपुर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त है, जहां 210 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए और ₹14.16 लाख जुर्माना वसूला गया।

सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स तथा यातायात एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
HighLights
उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा, दुर्घटना रोकथाम हेतु कड़े निर्देश दिए।
सितंबर में 23 सड़क दुर्घटनाओं में 20 लोगों की मौत हुई।
जासं, जमशेदपुर। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
नियमों की अनदेखी के मामलों में अब तक 210 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि 14 लाख 16 हजार 300 रुपये जुर्माना वसूला गया है।
सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स तथा यातायात एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि सितंबर महीने में जिले में 23 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 20 लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हुए।
अधिकतर हादसों के पीछे वाहन चालकों की लापरवाही प्रमुख कारण रही। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों की अवहेलना करने पर उपायुक्त ने चिंता जताई।
उन्होंने नियमित जांच अभियान चलाने और नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई जारी रखने का आदेश दिया।
उपायुक्त ने एनएचएआई को राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्पीड गन कैमरों के स्थान पर एएनपीआर कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने जादूगोड़ा-पोटका मार्ग पर झाड़ियों की कटाई कराने तथा मानगो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा करने को कहा।
हाईवे पर मरम्मत कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने कम यातायात वाले समय में काम कराने तथा कार्यस्थल के दोनों छोर पर कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त साकची गोलचक्कर के समीप ऑटो स्टैंड के विस्तार का प्रस्ताव भेजने, नीलडीह सिग्नल की मरम्मत करने और मानगो बस स्टैंड से जर्जर बसों को हटाने के भी निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में साइनेज लगाने, सड़क सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर बल दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में गुड सेमेरिटन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले लोगों को चिह्नित कर नामित करने को कहा।
साथ ही सदर अस्पताल के पास सड़क के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने का निर्देश दिया गया। बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।