विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जितिया पर मां के साथ नहाने गई दो बहनें सुवर्णरेखा नदी में डूबीं, एक को बचाया, दूसरी लापता, NDRF बुलाने के लिए सड़क जाम

Published: Sun, 04 Oct 2026 05:26 AM (IST)

जितिया पर्व पर जमशेदपुर के गांधी घाट पर सुवर्णरेखा नदी में स्नान के दौरान दो बहनें डूब गईं, जिसमें एक को बचा लिया गया जबकि दूसरी लापता है।

लापता बच्ची की तलाश में सुस्त राहत कार्य से नाराज परिजनों ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाने की मांग को लेकर गांधी घाट पुल पर जाम लगा दिया।

लापता बच्ची की तलाश में सुस्त राहत कार्य से नाराज परिजनों ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाने की मांग को लेकर गांधी घाट पुल पर जाम लगा दिया।

HighLights

  1. जितिया पर्व पर जमशेदपुर में दो बहनें नदी में डूबीं।

  2. एक बच्ची को बचाया गया, दूसरी अभी भी लापता है।

  3. एनडीआरएफ की मांग को लेकर गांधी घाट पुल जाम।

जासं, जमशेदपुर। जितिया पर्व पर शनिवार शाम जमशेदपुर के साकची स्थित सुवर्णरेखा नदी के गांधी घाट पर हादसा हो गया। मां के साथ नदी में स्नान करने आईं दो सगी बहनें गहरे पानी में डूब गईं। 
 
इस हादसे में स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरी बच्ची नदी के तेज बहाव में लापता हो गई।
 

मां की चीख-पुकार से मची अफरा-तफरी 

जानकारी के अनुसार, मानगो थाना क्षेत्र के समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की दो बेटियां अपनी मां के साथ जितिया पर्व पर स्नान करने गांधी घाट पहुंची थीं। 
 
स्नान के दौरान दोनों बहनें अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। बेटियों को डूबता देख मां ने चीखना-चिल्लाना शुरू किया, जिससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
 
तस्वीर देखते ही स्थानीय लोग बिना देर किए नदी में कूद पड़े और काफी मशक्कत के बाद बड़ी बहन पूनम कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 
 
उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हालांकि, छोटी बहन आयुषी उर्फ ज्योति नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई।
 

एनडीआरएफ की मांग को लेकर गांधी घाट पुल जाम 

लापता बच्ची की तलाश में देरी और सुस्त राहत कार्य से नाराज परिजनों और स्थानीय निवासियों ने एनडीआरएफ (NDRF) की टीम तथा प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाने की मांग को लेकर गांधी घाट पुल पर जाम लगा दिया। 

सड़क जाम होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही साकची, मानगो और सीतारामडेरा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। 
 
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के काफी समझाने-बुझाने व हर संभव सहयोग का आश्वासन देने के बाद देर रात आक्रोशित लोगों ने जाम हटाया।
 

अंधेरे और तेज बहाव ने बढ़ाई मुश्किलें 

घटना की खबर मिलते ही विधायक सरयू राय और पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। 
 
शाम ढलने और नदी का जलस्तर व बहाव तेज होने के कारण स्थानीय गोताखोरों को खोज अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस प्रशासन की निगरानी में देर रात तक बच्ची की तलाश जारी रही।