विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आज से जमशेदपुर में 19वां शार्ट्स फिल्म महोत्सव शुरू, चार भाषाओं की 16 फिल्में होंगी प्रदर्शित

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:45 AM (IST)

जमशेदपुर में 19वां 'शार्ट्स 2026' लघु फिल्म महोत्सव शनिवार से शुरू हो रहा है, जिसमें चार भाषाओं की 16 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इस दो दिवसीय आयोजन में इंडो-फ्रेंच फिल्म 'डिस्टेंसेस' से आगाज होगा और स्थानीय फिल्मकारों की कृतियां भी दिखाई जाएंगी।

शार्ट्स 2026 के 19वें संस्करण का सीएफई में होगा आगाज, दो दिन शाम पांच बजे से स्क्रीनिंग।

शार्ट्स 2026 के 19वें संस्करण का सीएफई में होगा आगाज, दो दिन शाम पांच बजे से स्क्रीनिंग।

HighLights

  1. जमशेदपुर में 19वां 'शार्ट्स 2026' फिल्म महोत्सव शुरू।

  2. चार भाषाओं की 16 फिक्शन और डाक्यूमेंट्री फिल्में प्रदर्शित।

  3. इंडो-फ्रेंच फिल्म 'डिस्टेंसेस' से महोत्सव का आगाज।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। चार भाषाओं की कहानियां और सिनेमा के विविध रंग शनिवार से जमशेदपुर में देखने को मिलेंगे। शहर के वार्षिक लघु फिल्म महोत्सव ‘शार्ट्स 2026’ के 19वें संस्करण का आगाज शनिवार को सेंटर फार एक्सीलेंस (सीएफई) में होगा।

दो दिवसीय महोत्सव में कुल 16 फिक्शन और डाक्यूमेंट्री फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली और संताली भाषा की फिल्मों के साथ दो मूक फिल्में भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दोनों दिन शाम पांच बजे से स्क्रीनिंग शुरू होगी।

महोत्सव की शुरुआत इंडो-फ्रेंच प्रोडक्शन फिल्म ‘डिस्टेंसेस’ से होगी। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अशोक विश्वनाथन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रितुपर्णा सेनगुप्ता मुख्य भूमिका में हैं। 27 मिनट की इस फिल्म से महोत्सव का पर्दा उठेगा।

दर्शकों को तीन से 27 मिनट तक की अवधि वाली फिल्में देखने का अवसर मिलेगा। शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में फिल्म निर्देशक तथागत भट्टाचार्य, टाटा स्टील कारपोरेट कम्युनिकेशंस प्रमुख निभा शर्मा, रंगमंच कलाकार सिद्धार्थ सेन और गौतम शंकर दास उपस्थित थे।

स्थानीय फिल्मकारों की छह फिल्में

इस बार जमशेदपुर के फिल्मकारों की छह फिल्मों का चयन किया गया है। इनमें अमित कुमार की ‘गाछ बाबा’ (16 मिनट), गौतम गोप की ‘दृष्टि’ (22 मिनट), मसरूर सिद्दीकी की ‘आसान पैसा’ (19 मिनट), तपोन राय की मूक फिल्म ‘एक और’ (7 मिनट), सुमंत सिन्हा की ‘मायापुर-प्रभु मिलन का द्वार’ (11 मिनट) और उदय साहू की ‘नशा से नशा तक’ (7 मिनट) शामिल हैं।

संताली और मूक फिल्मों का आकर्षण

पुणे के मानसिंह बास्की की 15 मिनट की संताली फिल्म ‘पेड़ कहां जाते हैं?’ खास आकर्षण होगी। वहीं मुंबई की मिनी पांडे की तीन मिनट की मूक फिल्म ‘फोमो’ भी प्रदर्शित होगी। इसके अलावा बंगाली फिल्म ‘नूपुर’ और ‘अंतरकथा’ दर्शकों को देखने को मिलेगी।

शार्ट्स महोत्सव की शुरुआत 2008 में द सोसाइटी फार प्रमोशन आफ प्रोफेशनल एक्सीलेंस (एसपीपीई), जमशेदपुर और टेक 5 कम्युनिकेशंस, कोलकाता ने संयुक्त रूप से की थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।