बच्चों के आधार कार्ड की टेंशन खत्म! अब सरकारी स्कूलों में ही बनेंगे जन्म प्रमाण पत्र, हजारों छात्रों को मिलेगी सीधी राहत
जमशेदपुर प्रशासन ने बच्चों के आधार कार्ड के लिए जन्म प्रमाण पत्र की समस्या दूर करने हेतु सरकारी स्कूलों में विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया है।

जमशेदपुर में जिला समन्वय समिति की बैठक में सरकारी स्कूलों में जन्म प्रमाण पत्र के विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया गया। (AI Generated Image)
HighLights
सरकारी स्कूलों में लगेंगे जन्म प्रमाण पत्र शिविर।
जन्म प्रमाण पत्र से बच्चों के आधार कार्ड बनेंगे आसान।
प्रशासन ने बिचौलियों से दूर रहने की अपील की।
जासं, जमशेदपुर। जिले के अभिभावकों को अब बच्चों के आधार के लिए नहीं लगाने होंगे चक्कर। जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में बच्चों के आधार और अन्य जरूरी सुविधाओं में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल की है।
शनिवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जिला समन्वय समिति की बैठक में सरकारी स्कूलों में जन्म प्रमाण पत्र के विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य, पोषण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई अहम मामलों की भी समीक्षा की गई।
कब से और कैसे बनेंगे प्रमाण पत्र
पूर्व की समीक्षा में जिले में 7,238 बच्चों का आधार जन्म प्रमाण पत्र के बिना अटका पाया गया था, जबकि 4,025 बच्चों के बैंक खाते खोलने के लिए लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) को निर्देश दिए गए थे।
अब बीडीओ, अंचल और शिक्षा विभाग आपसी समन्वय से प्रखंडवार रोस्टर तैयार करेंगे। रोस्टर तय होते ही स्कूलों के माध्यम से अभिभावकों और बच्चों को पूर्व सूचना देकर शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रक्रिया के तहत संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, जो अधिकृत सूचक हैं, वंचित छात्रों की सूची तैयार करेंगे।
एक अक्टूबर 2026 से लागू नियम के अनुसार, जन्म पंजीकरण में एक से दो वर्ष की देरी होने पर एसडीएम या कार्यपालक दंडाधिकारी तथा दो वर्ष से अधिक की देरी होने पर प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी के आदेश और शपथ-पत्र की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इसके बाद प्रज्ञा केंद्र और स्थानीय निबंधक के माध्यम से आधिकारिक सीआरएस पोर्टल (crsorgi.gov.in) पर क्यूआर-कोड युक्त जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से बिचौलियों से दूर रहने की अपील की है, ताकि फर्जीवाड़े पर प्रभावी रोक लग सके।
बच्चों के आधार के लिए किन-किन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत
- जन्म प्रमाण पत्र: सीआरएस पोर्टल से जारी क्यूआर-कोड युक्त प्रमाण पत्र (शिविर व सत्यापन प्रक्रिया के जरिए बनने वाला)।
- जन्म का प्राथमिक प्रमाण: अस्पताल की जन्म पर्ची या घर में जन्म होने की स्थिति में पंचायत/वार्ड स्तर का सत्यापन।
- शैक्षणिक व पहचान संबंधी कागजात: स्कूल अभिलेख, प्रधानाध्यापक द्वारा तैयार वंचित छात्र सूची और संबंधित प्रक्रिया के तहत शपथ-पत्र या सक्षम प्राधिकारी का आदेश।
- अभिभावक से जुड़े विवरण: नामांकन और सत्यापन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए माता-पिता या अभिभावक का पहचान विवरण व आवश्यक सहयोग।
सड़क, स्वास्थ्य और पोषण पर भी विशेष जोर
बैठक में बड़ौदा घाट एप्रोच रोड का निर्माण 15 जनवरी तक पूर्ण करने तथा प्रखंडों में 20 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की समीक्षा की गई।
मनरेगा के तहत पंचायतों में मानव दिवस बढ़ाने और पशुधन योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत अनुदान पर बकरा, सूकर, कुक्कुट व बत्तख के चूजे वितरित करने के प्रस्ताव मांगे गए।
स्वास्थ्य व पोषण के मोर्चे पर 3,682 यक्ष्मा (टीबी) मरीजों को छह माह तक प्रोटीनयुक्त पोषण बास्केट उपलब्ध कराने, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) की मरम्मत को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा डुमरिया कस्तूरबा विद्यालय में पाइपलाइन पेयजल, सरकारी भवनों की चारदीवारी, बालिगुमा में सीड प्रोसेसिंग प्लांट के सीमांकन व जलापूर्ति एनओसी तथा आठ प्रखंडों में 10-10 डिसमिल भूमि पर वेस्ट टू आर्ट सैनिटेशन पार्क विकसित करने को कहा गया।
बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, राजेश कुमार, एडीएम मुकेश मछुआ, डीएसओ, घाटशिला एसडीओ, बीडीओ और सीओ मौजूद रहे।