विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर: आग का गोला बना स्कूली बच्चों से भरा CNG ऑटो, चीख-पुकार के बीच बाल-बाल बची जान

By Jitendra SinghEdited By: Rajat Mourya
Published: Wed, 18 Nov 2026 10:25 AM (IST)

जमशेदपुर के बिष्टुपुर में स्कूली बच्चों से भरे एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। चालक और राहगीरों की ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर के साउथ पार्क गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह करीब सात बजे स्कूली बच्चों से भरे एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। चालक व राहगीरों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन ऑटो और उसमें रखे बच्चों के स्कूल बैग जलकर राख हो गए।

इंजन से धुआं और मच गई चीख-पुकार

रोज की तरह बुधवार सुबह चालक बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। सुबह सात बजे का समय होने से बच्चे अपनी कक्षाओं में पहुंचने की जल्दी में थे। साउथ पार्क गोलचक्कर के समीप पहुंचते ही अचानक ऑटो के इंजन वाले हिस्से से घना धुआं उठने लगा। कुछ ही सेकंड में धुएं ने ऊंची लपटों का रूप ले लिया।

ऑटो के भीतर धुआं भरते ही मासूम बच्चे बुरी तरह घबरा गए। दम घुटने और आग की तपिश महसूस होते ही बच्चों में दहशत फैल गई और वे रोने-चिल्लाने लगे। वाहन के अंदर मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी सन्न रह गए।

राहगीरों की तत्परता से बची जान, थमा यातायात

खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए अफरातफरी के बीच एक-एक कर सभी बच्चों को बाहर निकाला।

गनीमत रही कि किसी बच्चे को खरोंच तक नहीं आई, लेकिन जान बचने के बाद भी डरे-सहमे बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर कांपते रहे और अपनी आंखों के सामने जलते हुए बस्ते व किताबें देखते रहे।

देखते ही देखते ऑटो आग का गोला बन गया। सुबह स्कूल और दफ्तर जाने के व्यस्त समय में हुए इस हादसे से गोलचक्कर के पास कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर टाटा अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची।

अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा ऑटो जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुका था।

तकनीकी खामी, रिसाव व शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संबंधित ऑटो सीएनजी से संचालित था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन जानकारों का कहना है कि सीएनजी वाहनों में आग के पीछे गैस पाइपलाइन, वाल्व या रेगुलेटर से रिसाव और पुरानी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट सबसे बड़े कारण होते हैं।

वाहन में एक छोटा सा शॉर्ट सर्किट या ईंधन रिसाव कुछ ही मिनटों में विकराल आग का रूप ले लेता है। सुरक्षा मानकों के तहत स्कूली वाहनों में एक से दो किलोग्राम क्षमता का एबीसी ड्राई केमिकल पाउडर अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) और फर्स्ट-एड किट होना अनिवार्य है, जो गैस, ईंधन और बिजली की आग को शुरुआती सेकंड में ही बुझाने में कारगर होता है।

विडंबना यह है कि शहर के अधिकतर स्कूली ऑटो में न तो अग्निशमन यंत्र रहते हैं और न ही चालक को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण होता है।

सप्ताह भर में स्कूली ऑटो से जुड़ा दूसरा हादसा

शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी चेतावनी है। इससे पहले 11 नवंबर को टेल्को थाना क्षेत्र में गुरुद्वारा के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से गुरु गोबिंद सिंह हाई स्कूल के बच्चों को ले जा रहा एक निजी ऑटो तीन बार पलट गया था।

उस हादसे में 12 विद्यार्थी घायल हुए थे, जिनमें से तीन को गंभीर हालत में टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था और एक छात्रा को टीएमएच रेफर किया गया था।

वहीं, पिछले वर्ष 30 जनवरी को भी बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में टाटा मुख्य अस्पताल के समीप बेल्डीह चर्च स्कूल के बच्चों को ले जा रही 25 वर्ष से अधिक पुरानी एक वैन में अचानक आग लग गई थी। तब भी चालक की सूझबूझ से बच्चों की जान बच पाई थी।

15 दिन की मोहलत और अनदेखी के बीच अभिभावक चिंतित

लगातार हो रही घटनाओं ने स्कूली वाहनों की फिटनेस और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि पांच नवंबर को ही जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव और यातायात डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में राजेंद्र विद्यालय व सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल के बाहर औचक जांच अभियान चलाया गया था।

जांच में कई स्कूली वैन और ऑटो बिना वैध फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और परमिट के तथा क्षमता से अधिक बच्चे बैठाकर चलते पाए गए थे। तब परिवहन विभाग ने संचालकों को मानक पूरे करने के लिए 15 दिनों की मोहलत दी थी, जिसकी अवधि पूरी होने वाली है।

नियमों के तहत वाणिज्यिक वाहनों को दो वर्ष बाद हर साल फिटनेस नवीनीकरण कराना अनिवार्य है और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के वाहन चलाना गैर-पंजीकृत वाहन चलाने जैसा अपराध माना जाता है। इसके अलावा ओवरलोडिंग पर प्रति अतिरिक्त यात्री 200 रुपये जुर्माने का प्रावधान है।

सस्ते किराए और घर के दरवाजे से सुविधा मिलने के कारण अभिभावक भी साझा ऑटो पर निर्भर रहते हैं, जिसका फायदा उठाकर चालक नियमों को ताक पर रख देते हैं। बुधवार की घटना ने प्रशासन, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों—तीनों को सख्त सतर्कता बरतने की जरूरत फिर से याद दिला दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।