युवक के साथ धोखाधड़ी: एमजीएम अस्पताल में चार हजार रुपये वसूलने के बाद भी नहीं मिला पूरा मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में रेलवे अप्रेंटिस के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने आए युवक से ₹4000 की ठगी हुई। उसे अधूरा और फर्जी प्रमाणपत्र थमाया गया।

पीड़ित ने शनिवार को एमजीएम थाना पहुंचकर दो लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है।
HighLights
युवक से रेलवे अप्रेंटिस मेडिकल सर्टिफिकेट के नाम पर ठगी।
एमजीएम अस्पताल में ₹4000 लेकर दिया अधूरा फर्जी प्रमाणपत्र।
पीड़ित ने जमशेदपुर पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
जासं, जमशेदपुर। नौकरी पाने की उम्मीद में जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे एक युवक को ठगी का बड़ा शिकार होना पड़ा है।
रेलवे अप्रेंटिस के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने आए 18 वर्षीय युवक से चार हजार रुपये वसूलने और इसके बदले अधूरा व फर्जी प्रमाणपत्र थमाने का मामला सामने आया है।
पीड़ित ने शनिवार को एमजीएम थाना पहुंचकर दो लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है।
धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के जुनबनी गांव निवासी पीड़ित नारायण टुडू के मुताबिक, वह 13 नवंबर को रेलवे अप्रेंटिस के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने एमजीएम अस्पताल पहुंचे थे।
अस्पताल में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद वे प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 102 में गए। वहां उनकी मुलाकात चुकरीपाड़ा निवासी चितरंजन हांसदा से हुई। दोनों ने मिलकर वहां मौजूद गोविंद और अनिल नामक व्यक्तियों से बातचीत की।
आरोप है कि उन दोनों ने सर्टिफिकेट बनवाने का भरोसा दिलाते हुए प्रति युवक 1500 रुपये यानी कुल 3000 रुपये ले लिए। इसके बाद काम पूरा न होने पर दोनों युवक अपने गांव लौट गए।
शनिवार सुबह जब नारायण ने फोन कर प्रमाणपत्र की जानकारी मांगी, तो उनसे और पैसों की मांग की गई। शिकायत के अनुसार, उन्होंने दबाव में आकर एक हजार रुपये और ऑनलाइन या नकद दिए।
इस प्रकार कुल चार हजार रुपये लेने के बाद उन्हें जो दस्तावेज दिया गया, वह पूरी तरह अधूरा और फर्जी निकला।
पीड़ित का कहना है कि नौकरी से जुड़ी अनिवार्य प्रक्रिया पूरी कराने के लिए उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई इन ठगों को दी, जिसके बदले उन्हें आर्थिक नुकसान और भारी मानसिक परेशानी उठानी पड़ी।
इस धोखाधड़ी से परेशान होकर उन्होंने थाने का दरवाजा खटखटाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत दर्ज कर ली है और पूरे प्रकरण की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद से एमजीएम अस्पताल परिसर में सक्रिय दलालों और ठग गिरोहों की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।